Jharkhand Vidhansabha Election

#JharkhandElection: 4th फेज की 15 सीटों में से 10 पर शाम 5 बजे तक होगा मतदान

Ranchi : विधानसभा चुनाव के चौथे चरण की तैयारी राज्य निवार्चन आयोग की ओर से कर ली गयी है. इस चरण मे 15 सीटों पर चुनाव होना है.

इनमें मधुपुर, देवघर, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, बोकारो, चंदनक्यारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टूंडी और बाघमारा हैं.

मधुपुर, देवघर, गांडेय, बोकारो, चंदनक्यारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया और बाघमारा में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान का समय है. अन्य सीटों पर सुबह सात बजे से तीन बजे तक मतदान का समय है.

चौथे चरण के लिये कुल मतदाता 47,85,009 हैं. इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 25,40,794, महिला मतदाताओं की संख्या 22,44,134 और थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 81 है.

18 से 19 साल के नये मतदाताओं की संख्या 90,797 है जिनका नाम 12 अक्टूबर 2019 को प्रकाशित मतदाता सूची के उपरांत दर्ज किया गया है. इस चरण के लिये आयोग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं.

बता दें कि राज्य में तीसरा चरण चुनाव शांतिपूर्ण रहा. जबकि इसके पहले पहला और दूसरे चरण चुनाव में नक्सली हमले हो चुके हैं. हालांकि इससे अधिक नुकसान नहीं हुआ.

इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection : सिंदरी सीट पर मासस और झामुमो में कड़ा मुकाबला, भाजपा को सीट बचाने की चुनौती

पोस्टल बैलेट के तहत हुए 1210 लोगों ने मतदान किया

चुनाव आयोग की ओर से चौथे चरण चुनाव से पोस्टल बैलेट की सुविधा दी गयी है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि पहली बार झारखंड विधानसभा चुनाव से 80 साल से ज्यादा आयु के तथा दिव्यांग मतदाताओं को पोस्टल बैलेट के जरिये घर से मतदान करने की सुविधा देने की शुरुआत की गयी है.

यहां प्रायोगिक तौर पर सात विधानसभा क्षेत्रों में इसे शुरू किया गया है. इन विधानसभा क्षेत्रों में पाकुड़, राजमहल, देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, बोकारो और धनबाद शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि चौथे चरण में 1210 दिव्यांग और 80 साल से ज्यादा आयु के मतदाताओं से उनके घर पर पोस्टल बैलेट से मतदान की प्रक्रिया पूरी करायी जा चुकी है.

इसे भी पढ़ें : आखिरी चरण में संथाल तय करेगा झारखंड की अगली सरकार, फिलहाल आधी सीटों पर गठबंधन का परचम

चार सीटों पर बूथ एप्प का इस्तेमाल

इस चरण में चार विधानसभा क्षेत्रों में बूथ एप्प का इस्तेमाल किया जायेगा. चुनाव में ज्यादा से ज्यादा इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने पर जोर है. इस सिलसिले में बूथ एप्प लांच किया गया है.

चौबे ने बताया कि झारखंड विधानसभा चुनाव से पहली बार पूरे देश में बूथ एप्प के इस्तेमाल की शुरुआत हुई है. यहां प्रायोगिक तौर पर 81 विधानसभा सीटों में से 10 में बूथ एप्प का उपयोग किया जाना है.

इसी के तहत चौथे चरण में देवघर, गांडेय, बोकारो और झरिया विधानसभा क्षेत्र में भी बूथ एप्प का उपयोग किया जाना है.

इससे पहले दूसरे चरण में जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम और चाईबासा और तीसरे चरण में  रामगढ़, हजारीबाग और रांची में बूथ एप्प का इस्तेमाल हो चुका है. उन्होंने बताया कि इसका इस्तेमाल भी काफी सरल और सुविधाजनक है.

इसे भी पढ़ें : लगभग तीन हजार उद्यमी मंडल को ना वनोत्पाद की ट्रेनिंग दी गयी और न ही मार्केट उपलब्ध करा पायी सरकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button