
Political Editor
Ranchi: देश में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है. सत्ता पक्ष ने झारखंड के पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को प्रत्याशी बनाया है तो विपक्ष ने पूर्व विदेश और वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा पर दाव खेला है. इस बीच राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में विभिन्न दलों को गोलबंद करने की मुहीम दोनों ही तरफ से शुरू है. इसी कड़ी में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने विपक्ष के साझा प्रत्याशी यशवंत सिन्हा से बड़ी अपील की है. बाबूलाल ने यशवंत सिन्हा से एक आदिवासी महिला के समर्थन में राष्ट्रपति चुनाव से नाम वापस लेने का आग्रह किया है.
बाबूलाल ने ट्विट कर कहा है कि आदरणीय यशवंत सिन्हा जी, आप भाजपा में रहे हैं. श्रद्धेय अटल जी के मंत्रिमंडल में वित्त मंत्री व अन्य कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए आपने देशहित में कई निर्णय लिए हैं. आज यह अवसर आपके सामने है कि आप NDA की राष्ट्रपति प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को निर्विरोध चयन के लिए अपने नाम वापसी की घोषणा के साथ देश को एक अच्छा सन्देश दें. बाबूलाल ने आगे लिखा है कि एक आदिवासी संताल महिला की संवैधानिक सर्वोच्चता, सम्पूर्ण आदिवासी समाज का ऐतिहासिक सम्मान है. आशा है कि आप राज्य व देश के सम्मान के लिए यह त्याग और समर्पण देकर एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेंगे.


इसे भी पढ़ें:सांसद निशिकांत की पहल पर माइनिंग लीज व शेल कंपनी सुनवाई में वकीलों पर हो रहे खर्च की ऑडिट करेगी सीएजी


हेमंत से भी मांगा समर्थन
बाबूलाल मरांडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन माँगा है. उन्होंने हेमंत सोरेन को ट्विट कर कहा है कि सीएम हेमंत सोरेन जी आदिवासी-संताल अस्मिता की रक्षा और इस ऐतिहासिक निर्णय के सहभागी बनकर राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू जी के पक्ष में समर्थन देने की घोषणा करने में तनिक भी विलंब न करिए. आपका समर्थन आजाद भारत के इतिहास में आदिवासी समाज के गौरवबोध के लिए याद किया जाएगा. बाबूलाल ने हेमंत सोरेन के साथ साथ UPA व विपक्ष के सभी सम्मानित सदस्यों से भी द्रौपदी मुर्मू को निर्विरोध निर्वाचित करने की अपील की है. उन्होंने लिखा है कि आजादी के बाद देश के सामने यह अवसर है कि द्रौपदी मुर्मू को निर्विरोध निर्वाचित कर इस ऐतिहासिक पहल में सहयोगी बनें. विपक्ष से कहा है कि सभी एकजुट हो द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देकर सम्पूर्ण आदिवासी समाज, महिला समाज को गौरवान्वित करें.