World

अगर राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन युद्ध से पीछे हटे तो उनकी हत्या हो सकती है: एलन मस्क

New Delhi: रूस-यूक्रेन युद्ध को 2 साल होने को हैं, लेकिन यह संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस बीच एक्स और टैस्ला जैसी कंपनियों के मालिक एलन मस्क का कहना है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के खिलाफ युद्ध हार ही नहीं सकते. मस्क ने यह बात अमेरिकी सीनेटरों से चर्चा के दौरान कही.

इसे भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी आज अबू धाबी में करेंगे पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन

मस्क ने सोमवार को एक्स प्लेटफॉर्म पर एक फोरम में बताया कि उन्होंने अमेरिकी सीनेटरों संग चर्चा की, इसमें सीनेट बिल के विरोधी शामिल थे, जो  रूसी के खिलाफ दो साल पहले शुरू हुए युद्ध में यूक्रेन को लड़ने के लिए और सहायता देगा.

एलन मस्क ने कहा कि, ” पुतिन पर लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने का दबाव है, अगर वह पीछे हटे तो उनकी हत्या कर दी जाएगी.” इसके साथ ही एक्स के मालिक ने सीनेटरों को बताया कि उन पर पुतिन समर्थक होने का आरोप लगाया जाता है, लेकिन यह आरोप “बेतुका” है. उन्होंने कहा कि उनकी कंपनियों ने हमेशा रूस को ज्यादा से ज्यादा कमजोर करने की दिशा में ही काम किया है.

एलन मस्क के साथ इस चर्चा में विस्कॉन्सिन के रॉन जॉनसन, ओहियो के जेडी वेंस और यूटा के माइक ली, साथ ही पूर्व रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी और क्राफ्ट वेंचर्स एलएलसी के को-फाउंडर डेविड सैक्स भी शामिल हुए.

एलन मस्क ने जॉनसन के उस बयान पर सहमत जताई कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन के खिलाफ युद्ध नहीं हारेंगे. जॉनसन ने कहा कि जो लोग यूक्रेन की जीत की उम्मीद कर रहे हैं वे “काल्पनिक दुनिया में जी रहे हैं.”

वहीं ओहियो के जेडी वेंस ने 95 बिलियन डॉलर को लेकर कहा,  “हमें इस बात को खत्म करना होगा,” जिसमें यूक्रेन के लिए 60 बिलियन डॉलर की मदद के साथ इज़रायल, ताइवान के लिए फंडिंग और गाजा के लिए मानवीय सहायता शामिल है.

एलन मस्क ने उम्मीद जताई कि यूक्रेन बिल के बारे में अमेरिकी अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों से संपर्क करेंगे. उन्होंने कहा, “यह खर्च से यूक्रेन की मदद नहीं होगी, युद्ध को लंबा खींचने से यूक्रेन की मदद नहीं होगी.”

बता दें कि एलन मस्क पहले भी एक्स पर इस तरह के विचार रख चुके हैं. वह पहले भी यूक्रेन की युद्ध जीतने की क्षमता पर संदेह जता चुके हैं. इसके साथ ही उन्होंने मदद के लिए यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की की अपीलों का भी मज़ाक उड़ाया, जिसके बाद यूक्रेन और कांग्रेस के डेमोक्रेटिक सदस्यों ने इसकी आलोचना की.

इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी और राष्ट्रपति नाहयान ने की शुरुआत, अब यूएई में भी चलेगा UPI RuPay Card

 

 

 

Related Articles

Back to top button