
Ranchi: शनिवार और रविवार को राज्य में झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का आयोजन हो रहा है. राज्य भर में इसके लिए 823 केंद्र बनाए गये हैं. 6.39 लाख कैंडिडेट इसमें भाग्य आजमा रहे हैं. इधर, परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त एग्जाम के लिए सभी संबंधित जिलों में जिला प्रशासन के स्तर से व्यापक तैयारियां की गयी हैं. राजधानी रांची से लेकर देवघर तक इसे लेकर व्यापक तौर पर इंतजाम किए गए हैं. झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 (जेएसएससी-सीजीएल) के लिए बोकारो में जिला कोषागार से प्रश्न पत्रों का बक्शा पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की निगरानी में रवाना किया गया.
इसे भी पढ़ें- उपायुक्त ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (सीजीएल) परीक्षा को लेकर बज्र गृह का किया निरीक्षण

देवघर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संचालित JSSC परीक्षा को लेकर डीसी विशाल सागर ने विभिन्न केन्द्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने आर.एल.सर्राफ +2 विद्यालय, आर.मित्रा+2 विद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा कार्य में लगे सभी केंद्र अधीक्षकों, दंडाधिकारियों उड़न दस्ता दल के दंडाधिकारियों, पुलिस बल के जवानों आदि को परीक्षा के दौरान संयुक्त जिला आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया. साथ ही परीक्षा केंद्र पर उपस्थित व अनुपस्थिति बच्चों की जानकारी के अलावा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा दृष्टिकोण से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों आदि का जायजा भी लिया.

इसके अलावे निरीक्षण के क्रम में विशाल सागर ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के अलावा तीन पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर केंद्रों पर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त परीक्षा कराने हेतु दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही परीक्षा केंद्रों पर बॉयोमेट्रिक डाटा संग्रहण कर रहे कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बॉयोमेट्रिक डाटा का गहन रूप से पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण करेंगे, जिससे कोई परीक्षार्थी बॉयोमेट्रिक उपस्थिति कराने से वंचित नहीं रह सके. उन्होंने जिला कोषागार कार्यकाल में बनाये गए वज्र गृह सेंटर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया.
इधर, सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के लिए रांची समाहरणालय अवस्थित जिला कोषागार स्ट्रांग रूम से सील प्रश्न पत्र को पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों में ले जाया गया है. अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), रांची की देख-रेख में स्ट्रांग रूम से सील प्रश्न पत्रों को ले जाये जाने की सूचना है.
गौरतलब है कि 21 सितंबर को झारखंड में झारखंड स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (जेजीजीएलसीसीई) के मद्देनजर शनिवार की सुबह आठ बजे से इंटरनेट सेवा दोपहर डेढ बजे तक निलंबित रखी गयी थी. ऐसी स्थिति कल (रविवार) को भी रहेगी. सरकार ने शुक्रवार को कहा था कि इस परीक्षा के मद्देनजर शनिवार और रविवार को सुबह आठ बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक इंटरनेट सेवा निलंबित करने का फैसला किया गया है.
इसके बाद गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने इंटरनेट सेवा निलंबित करने के आदेश जारी किए. समूचे राज्य में 823 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.




