
Palamu : जिले की छत्तरपुर पुलिस को सोमवार को दोहरी कामयाबी मिली. छत्तरपुर थाना क्षेत्र स्थित वनांचल ग्रामीण बैंक में पिछले महीने लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के मुख्य सरगना अशोक महतो उर्फ विजय उर्फ राहुल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वह चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चन्द्री का रहने वाला है. वहीं दूसरी कार्रवाई एक अवैध खनन स्थल पर की गयी. अवैध उत्खनन स्थल से कम्प्रेशर लगा हुआ एक ट्रैक्टर, डेटोनेटिंग वायर, उत्खनन किया हुआ अवैध पत्थर जब्त किया गया. साथ ही इस कार्य में लगे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
छत्तरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शंभू सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पिछले महीने वनांचल ग्रामीण बैंक पर धावा बोलकर छह अपराधकर्मियों ने साढ़े छह लाख रूपये लूट लिए थे. इस कांड में शामिल चार अपराधकर्मियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. इस कांड का मुख्य सरगना पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. जिसे गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को चतरा के प्रतापपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया.
इसे भी पढ़ें – मंत्री नीलकंठ मुंडा के विधानसभा क्षेत्र में ही दम तोड़ रहीं योजनाएं, 13.44 लाख का शौचालय घोटाला
अंतर्राज्जीय लुटेरा रहा है मुख्य सरगना
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि अशोक महतो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह 1990 से हत्या, लूट और डकैती की घटना में शामिल रहा है. वह साल 1990 में राजस्थान के सीकर में हत्या के मामले में जेल गया था. जेल से छूटने के बाद अशोक की साल 1998 से लेकर 2002 तक गया, चतरा हजारीबाग में लूट और डकैती की 20 घटनाओं में संलिप्तता रही है. अब तक वह तीन हत्या भी कर चुका है और कई बार जेल जा चुका है.
मुख्य सरगना गिरफ्तार, ट्रैक्टर समेत कई आपत्तिजनक चीजें बरामद
टास्क फोर्स ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन स्थल से कम्प्रेशर लगा हुआ एक ट्रैक्टर, डेटोनेटिंग वायर, उत्खनन किया हुआ अवैध पत्थर जब्त किये गये. मौके से अवैध उत्खनन करने वाले गैंग के मुख्य सरगना मो. हसीमुद्धीन उर्फ गुड्डु अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया.
छत्तरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शंभू सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जिला खनन पदाधिकारी के लिखित बयान के आधार पर गिरफ्तार अभियुक्त के अलावा अन्य चार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
इसे भी पढ़ें – शिक्षकों की प्रोन्नति नहीं होने से राज्य में 3226 माध्यमिक प्राचार्यों के पद रिक्त




