
Lucknow/New Delhi: हाथरस गैंगरेप और इलाज के दौरान पीड़िता की मौत के मामले में देश के लोगों में आक्रोश है. वहीं मौत के बाद पीड़िता का जबरन अंतिम संस्कार करने को लेकर भी यूपी पुलिस सवालों के घेरे में है. दूसरी ओर इस पूरे मामले में सियासत गर्म है. घटना के बाद से योगी सरकार पर हमलावर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा हाथरस के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जायेंगे.
इसे भी पढ़ेंः अब यूपी के बलरामपुर में गैंगरेप के बाद हत्या, यहां भी पुलिस ने रात में ही कराया अंतिम संस्कार
हाथरस जायेंगे राहुल-प्रियंका
हाथरस केस में यूपी सरकार और जिला प्रशासन बैकफुट पर है. वहीं विपक्ष हमलावर है. कांग्रेस ने सीएम योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगा है. इस घमासान के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को ही पीड़िता के परिवार से हाथरस में मुलाकात करेंगी. प्रियंका गांधी के साथ उनके भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी हाथरस जाएंगे.
हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई।
यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 1, 2020
इससे पहले पीड़िता की मौत के बाद प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की थी. वहीं प्रियंका की ओर से योगी सरकार पर निशाना साधा गया है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी, लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई. आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई. यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं. मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती, ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है जनता को जवाब चाहिए.
आम आदमी पार्टी की ओर से गुरुवार को ही मुंबई में प्रदर्शन किया जाएगा और हाथरस की निर्भया के लिए इंसाफ की अपील की जाएगी. इधर हाथरस जिला प्रशासन ने सुरक्षा का हवाला देते हुए धारा 144 लागू कर दिया है. जिला की सीमाएं सील की गयी है. वहीं पीड़ित परिवार से फिलहाल मीडिया को भी दूर रखा गया है.
इसे भी पढ़ेंः Bihar Election: सीट बंटवारे को लेकर NDA और महागठबंधन में माथापच्ची जारी, पहले चरण के लिए नामांकन आज से
एसआइटी ने शुरू की जांच
इधर मामले की जांच को लेकर तीन सदस्यीय एसआइटी का गठन यूपी सरकार ने किया है. इस टीम ने अपनी जांच शुरू कर दी है. गृह सचिव भगवान स्वरुप की अगुवाई में टीम ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात की है. टीम ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है. बता दें कि एसआइटी को सात दिनों के अंदर अपनी रिपोर्ट देनी है.
बीजेपी सांसद हंसराज हंस ने सीएम योगी को लिखा पत्र
इश बीच दिल्ली से भाजपा सांसद हंसराज हंस ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को उन अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए जिन्होंने हाथरस की दुष्कर्म पीड़िता के शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को लिखे पत्र में हंस ने यह भी अनुरोध किया कि मृतका को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में दोबारा कोई ऐसा कृत्य करने की हिम्मत न कर सके.
हंस ने लिखा, “उन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाना चाहिए जिन्होंने मृतका के परिवार की अनुमति के बिना शव का रात में दो बजे अंतिम संस्कार कर दिया. यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.”
इसे भी पढ़ेंः कोरोना संक्रमितों के लिये ICMR और WHO ने HRCT को बताया है जरुरी, पर रिम्स के पास मशीन नहीं, हेल्थमैप में VVIP की ही हुई जांच




