
Hazaribagh : विनोबा भावे विश्वविद्यालय (VBU) के एमए अर्थशास्त्र सत्र 2019-2021 का परीक्षा परिणाम मंगलवार को जारी किया गया. इसमें विश्वविद्यालय के पीजी अर्थशास्त्र विभाग की नेहा जायसवाल 87 प्रतिशत अंक लाकर टॉपर बनी हैं. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व शिक्षकों को दिया है. उनके पिता बस स्टैंड में एजेंट का काम करते हैं.
इसे भी पढ़ें : 1000 रुपये का हो सकता है घरेलू LPG सिलेंडर, सब्सिडी बंद करने की फिराक में सरकार
गरीब परिवार में पली-बढ़ी नेहा के घर में शुरू से ही पढ़ाई का माहौल रहा. उनके माता-पिता और बच्चों ने भी शिक्षा के महत्व के समझा. नेहा की छोटी बहन मेघा जायसवाल डीएवी हजारीबाग की टॉपर रही हैं और फिलहाल बीएचयू में पढ़ाई कर रही हैं. रीना और अरविंद जायसवाल के दो होनहार बेटे अमन और आकाश जायसवाल भी बेहतर करियर बनाने के लिए शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं. पिता के गुजरने के बाद अरविंद जायसवाल बस स्टैंड में एजेंट, होटल और ठेका का काम कर न सिर्फ अपने परिवार को संभाला, बल्कि कठिन श्रम कर बच्चों की शिक्षा-दीक्षा में कोई कमी नहीं की. नेहा कहती हैं कि आज अगर वह गोल्ड मेडल की हकदार बनी हैं, तो इसके पीछे उनके माता-पिता और शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान है.
ओकनी मुहल्ला में नेहा के यूनिवर्सिटी टॉपर बनने की जानकारी जैसे- जैसे आसपास के लोगों को हुई बधाई देने वालों का तांता लग गया. हर कोई नेहा की कामयाबी के लिए उनके पिता को बधाई देने में लगा था. खुशी का मौका आया तो परिजन इसे जाहिर करने से नहीं चूके. मिठाई से आने वालों का मुंह मीठा कराया गया.
इसे भी पढ़ें : RIMS का हाल : ट्रामा में पोस्ट कोविड के मरीज, गैलरी में गंभीर मरीजों का इलाज




