National

कर्नाटक में सियासी हलचल बढ़ी, भाजपा ने कहा, राज्यपाल बुलायेंगे तो सरकार बनायेंगे

Bengaluru : कर्नाटक में राजभवन सियासी हलचल का केंद्र बन गया है.  जेडीएस और कांग्रेस के 11 विधायकों  के इस्तीफे के बाद भाजपा यहां सरकार बनाने के लिए तैयार दिख रही है,  इस्तीफे सौंपने के कुछ घंटे बाद सभी 11 बागी विधायक राजभवन पहुंचे और राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात की.

जान लें कि कांग्रेस-जेडीएस  गठबंधन सरकार पर खतरा ऐसे वक्त मंडरा रहा है जब मुख्यमंत्री एचडीकुमारस्वामी अमेरिका में हैं और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश कुंडु राव ब्रिटेन में हैं.

बदलते घटनाक्रम के बीच  कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी केसी वेणुगोपाल बेंगलुरु पहुंच रहे हैं. खबर है कि पार्टी के संकटमोचक डीके. शिवकुमार भी सक्रिय हो चुके हैं. उन्होंने अपने आवास पर कांग्रेस के तीन बागी विधायकों रामलिंगा रेड्डी, एसटी सोमशेखर और बैरती बासवराज से मुलाकात की.

शिवकुमार से मुलाकात के बाद  एसटी सोमशेखर और बैरती बासवराज एक अन्य बागी विधायक मुनिरत्ना के साथ राजभवन पहुंचे. जान लें कि  इन तीनों विधायकों ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को सीएम बनाने की मांग की है.

इसे भी पढ़ेंः  कर्नाटक : कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिरने का खतरा, 11 विधायक इस्तीफा देने पहुंचे

14 विधायक सरकार के खिलाफ इस्तीफा दे चुके हैं

उधर राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के बाद जेडीएस के बागी विधायक एच विश्वनाथ ने कहा कि गठबंधन सरकार राज्य के लोगों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है, कहा कि अबतक कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के 14 विधायक सरकार के खिलाफ इस्तीफा दे चुके हैं. हम राज्यपाल से भी मिले हैं. हमने स्पीकर को इस्तीफे स्वीकार करने को लिखा है .

एच विश्वनाथ ने यह भी बताया कि हमने कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर को अपने इस्तीफे सौंपे हैं.  उन्होंने हमें भरोसा दिया है कि इस पर मंगलवार तक फैसला ले लेंगे.  कहा कि  हमने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है,  हम किसी ऑपरेशन कमल से प्रभावित नहीं हैं.

भाजपा सरकार बनाने के लिए तैयार

भाजपा नेता डीवी सदानंद गौड़ा ने साफ किया है अगर राज्यपाल सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं तो उनकी पार्टी इसके लिए तैयार है. कहा कि  इस मामले में निर्णय लेने का हक राज्यपाल को है.  जहां तक संवैधानिक जनादेश का सवाल है, अगर राज्यपाल हमें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं तो हम इसके लिए तैयार हैं.

हम राज्य की सबसे बड़ी पार्टी हैं. हमारे पास 105 का आंकड़ा है. सीएम चेहरे के सवाल पर गौड़ा ने साफ कहा कि ऐसी स्थिति बनती है तो निश्चित ही येदियुरप्पा सूबे के मुख्यमंत्री बनेंगे.

इसे भी पढ़ेंः पटनाः ‘राहुल गांधी वापस लें इस्तीफा, नहीं तो कर लेंगे आत्मदाह’, शहर में लगे पोस्टर

Related Articles

Back to top button