
Ranchi: झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन रांची शाखा के सचिव, उपाध्यक्ष और पूर्व कोषाध्यक्ष पर महिला सिपाहियों ने छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार को फर्जी बताया है. इस संबंध में महिला पुलिसकर्मी ने लिखित आवेदन देकर रांची एसएसपी और पुलिस लाइन के सार्जेंट को भी सूचित किया है. महिला पुलिसकर्मी ने अपने आवेदन में बताया है कि 4 अप्रैल को पुलिस लाइन में सरहुल जुलूस निकाला गया. पारंपरिक और शांतिपूर्वक शाम को जुलूस वापस लौटा. जुलूस के दौरान किसी भी महिला पुलिसकर्मी के साथ अप्रिय और छेड़छाड़ किसी के द्वारा नहीं किया.
इसे भी पढ़ें : पूर्व डीएसपी कमल कांत प्रसाद पर 5000 का इनाम घोषित, दुष्कर्म के मामले में चल रहे फरार
7 अप्रैल को ड्यूटी के लिये निकली तो पुलिस केद्र में अध्यक्ष और उनके साथी द्वारा सरहूल पूजा शांति पूर्वक समापन के उपरांत अनुमति अवकाश दिलाने के नाम पर सादा कागज पर हमलोगों से हस्ताक्षर करवाया गया. बोला गया कि आपलोग का सामूहिक अवकाश हो जायेगा. कुछ दिन बाद सहेलियों के माध्यम से सूचना मिली कि सादा पेज पर सचिव, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष के नाम पर सरहुल पूजा के दौरान महिला के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री और एसएसपी को आवेदन देकर कार्रवाई का अनुरोध किया गया है. जबकि सरहुल पुजा जुलूस के दौरान किसी प्रकार का हमलोग के साथ छेड़छाड़ या दुव्यवहार नही हुआ. हमलोगों को गुमराह करके अनुमति अवकाश के नाम पर हस्ताक्षर कराया गया. जो कि सरासर बेबुनियाद और निराधार है.
इसे भी पढ़ें : गरमी का कहरः बिहार में निजी स्कूल सुबह 6:30 से 11:30 तक चलेंगे, एसोसिएशन ने लिया निर्णय
क्या है पूरा मामला
रांची जिला बल की महिला आरक्षियों एवं सरहुल पूजा समिति के द्वारा एक प्रतिवेदन झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन को दिया गया था. इसमें बताया गया है कि 4 अप्रैल की शाम रांची पुलिस लाइन से सरहुल की शोभा यात्रा में पुलिस केन्द्र के सभी पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी तथा पुलिस परिवार के परिजन शामिल हुये थे.
शोभायात्रा जैसे ही पुलिस केन्द्र से बाहर शहर भ्रमण के लिए निकली वैसे ही झारखण्ड पुलिस मेन्स एसोसिएशन शाखा- रांची के सचिव संजय कुमार पासवान, उपाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी एवं पूर्व कोषाध्यक्ष नरेन्द्र तिर्की महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवार के परिजनों से छेड़छाड़ करने लगे. मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखण्ड पुलिस मेन्स एसोसिएशन शाखा रांची के सचिव संजय कुमार पासवान, उपाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी को तत्काल प्रभाव से एसोसिएशन के पदों से निलंबित कर दिया था. जबकि पूर्व कोषाध्यक्ष की मेंस एसोसिएशन की सदस्यता खत्म कर दी गई थी.
जो भी दोषी होगा उसपर कार्रवाई होगी
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जायेगी. जांच के बाद ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा. अगर किसी निर्दोष को फंसाया गया है तो इसकी भी जांच होगी. अगर किसी ने मामले में फर्जीवाड़ा किया है. उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जायेगी. पुलिस मेंस एसोसिएशन की छवि धूमिल करने वालो के खिलाफ एसोसिएशन गंभीरता पूर्वक कार्रवाई करेगी.
इसे भी पढ़ें : झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव: छह मई को उम्मीदवार करेंगे नामाकंन, 12 को मतदान




