
Ranchi: स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दूसरे चरण में गाइडलाइन का अनुपालन कराने के लिए शुक्रवार को रांची पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. दोपहर तीन बजे के बाद सड़क पर बेवजह घूमने वालों पर पुलिस ने सख्ती बरती. इस दौरान कांटाटोली चौक, सुजाता चौक, बहुबाजार चौक, राजेंद्र चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, रातू रोड चौक, अलबर्ट एक्का चौक, लालपुर चौक, करमटोली चौक आदि जगहों पर पुलिस की टीम तैनात रही.
हर आने जाने वाले वाहन चालकों की चेकिंग की गई. गाड़ी के कागजात के अलावा मास्क आदि की चेकिंग की गई. यह भी देखा कि गाड़ी में दवाईयों की कालाबाजारी तो नहीं जा रही है. बेवजह सड़क पर घूमने और बिना मास्क लगाए लोगों पर पुलिस जुर्माना भी किया.
इस दौरान दो दर्जन से ज्यादा लोगों पर पुलिस जुर्माना किया. वहीं कुछ लोगों को एक घंटे तक सड़क किनारे ही बैठा कर रखा. वहीं जिन इलाकों में दुकाने खुली हुई थीं, पुलिस की टीम ने वैसे दुकानों को जबरन बंद कराया. साथ ही हिदायत दी कि अगर दोबारा निर्धारित समय पर दुकानें बंद नहीं हुई तो सील कर दिया जाएगा. साथ ही जुर्माना भी किया जाएगा. इधर, ट्रैफिक एसपी अजित पीटर डुंगडुंग ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा.




