
New Delhi: पुलवामा हमले के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए वायुसेना ने पाक अधिकृत कश्मीर और बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठकानों पर हवाई हमले किये. इस हमले मे 300 आतंकियों के मारे जाने की खबर है. आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आयी है. इस स्ट्राइक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट के वरिष्ठ सहयोगियों और एनएसए अजित डोभाल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. इस बैठक में स्ट्राइक के बाद की परिस्थितियों पर चर्चा की गयी. बैठक में गृह मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री निर्मला सीतरमण, वित्त मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और अजित डोभाल उपस्थित थे.
वायुसेना फुल अलर्ट पर
पीओके में कार्रवाई के बाद वायुसेना को पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया है. एयर डिफेंस सिस्टम को भी अलर्ट किया गया है. एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई की आशंका के मद्देनजर ये अलर्ट रखा गया है. भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भी आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की है. स्थानीय सूत्रों से मिले इंटेलिजेंस इनपुट पर कार्रवाई की गयी. इस स्ट्राइक में आतंकी कैंपों को भारी नुकसान की खबर है. सूत्रों का कहना है कि अब उन इलाकों में कुछ भी बचे होने की संभावना कम ही है.
पाक को करारा जवाब
पुलवामा आतंकी हमले का भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है. भारतीय वायुसेना के 12 मिराज 2000 लड़ाकू विमानों ने बालाकोट, चाकोटी और मुजफ्फराबाद में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों को 21 मिनट तक चले हमले में ध्वस्त कर दिया है. भारतीय लड़ाकू विमानों ने PoK ही नहीं बल्कि पाकिस्तान के अंदर भी हमला किया है. पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता ने यह तो जरूर माना कि भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने सीमा का उल्लंघन किया है लेकिन नुकसान से साफ इनकार किया.
इसे भी पढ़ें – पुलवामा अटैक का बदला ! Pok में भारतीय वायुसेना की बमबारी, जैश का कैंप तबाह-सूत्र



