
Akshay Kumar Jha
Ranchi : 12 जुलाई को बाबा नगरी देवघर में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं. वो पटना में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देवघर पहुंचेंगे. देवघर पहुंच कर सबसे पहले वो एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन के संयुक्त कार्यक्रम में शामिल होकर देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मियों के अलावा कोई दूसरा नहीं रहेगा. बमुश्किल तीन सौ लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. एयरपोर्ट का मुआयना करने के बाद पीएम मोदी बाबा मंदिर जायेंगे. बाबा मंदिर में पूजा करनेवाले पीएम मोदी पहले प्रधानमंत्री होंगे.
दर्शन-पूजन के बाद पीएम मोदी देवघर कॉलेज मैदान में लोगों को संबोधित करेंगे. कहा जा रहा है कि पीएम मोदी को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ लगेगी. इसके लिए पार्टी की तरफ से पूरा इंतजाम किया गया है. बीजेपी की तरफ से कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी गोड्डा सांसद निशिकांत संभाल रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:झारखंड में सोलर पॉलिसी लागू, सीएम हेमंत ने सोलर पावर को बेहतर विकल्प बताया
चलेंगी तीन-तीन ट्रेनें
गोड्डा संसदीय क्षेत्र और आस-पास के क्षेत्रों से पीएम मोदी को सुनने के लिए लोगों की भीड़ जमा होने वाली है. इसके लिए रेलवे की तरफ से भी तैयारी की गयी है. बकायदा ट्रेनें चलायी जी रही हैं. गोड्डा से 12 जुलाई को दिन में 9 बजे, दुमका से दिन के 11 बजे और चितरंजन से दिन के 11 बजे देवघर स्टेशन के लिए ट्रेन खुलेगी.
जो सभी स्टेशन पर रुकेगी. इस ट्रेन में सफर करने के लिए किसी तरह की कोई रिजर्वेशन की जरूरत नहीं होगी. ट्रेन वापस देवघर से शाम छह बजे से 7 बजे के बीच पीएम मोदी के कार्यक्रम के बाद गोड्डा, दुमका और चितरंजन लौट जायेंगी.
इसे भी पढ़ें:जेपीएससी में अमिताभ चौधरी का आज आखिरी दिन, छह जुलाई से पद हो जाएगा खाली
पोस्टरों में सिर्फ मोदी, झारखंड बीजेपी का कोई नहीं
देवघर के लोगों का आकलन है कि पीएम मोदी के कार्यक्रम में करीब पांच करोड़ का गैरसरकारी खर्च हो रहा है. ट्रेन के अलावा बसें भी चलायी जा रही हैं. बीजेपी कार्यकर्ताओं के लिए सारा इंतजाम किया जा रहा है.
खाने पीने से लेकर रहने तक के खर्च का वहन किया जा रहा है. पूरा देवघर शहर और आस-पास पोस्टरों से भर गया है. लेकिन गौर करनेवाली बात यह है कि इन पोस्टरों में तस्वीर सर्फ पीएम मोदी की लगी है.
खास कर उन जगहों पर जहां से मोदी गुजरेंगे. वहां ऐसी तस्वीर लगायी गयी है, जिसमें न बाबूलाल मरांडी न दीपक प्रकाश न रघुवर दास और न ही खुद निशिकांत दुबे दिखायी दे रहे हैं. देवघर में दो तरह के पोस्टर लगे हैं. एक में यह लिखा है कि देवघर एयरपोर्ट के लिए धन्यवाद मोदी जी और एक में एम्स के लिए धन्यावद दिया गया है.
इसे भी पढ़ें:IAS पूजा सिंघल मामले ईडी ने 5 हजार पन्ने का चार्जशीट दाखिल किया




