
Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गढ़वा से झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार की शुरुआत करेंगे. मोदी की पहली चुनावी सभा गढ़वा में और दूसरी चाईबासा में होगी. गढ़वा जिले की धरती पर पहली बार कोई प्रधानमंत्री आ रहा है. मोदी की सभा को लेकर भाजपाइयों के साथ-साथ आम लोगों में उत्साह व उत्सुकता है. मोदी की सभा शहर से दो किमी दूर चेतना में होगी. मोदी दिन को 11 बजे पहुंचेंगे. सभा स्थल पर मंच व लोगों के बैठने के लिए विशाल पंडाल बनाया जा रहा है. करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था को लेकर पंडाल बन रहा है. सैकड़ों मजदूर पंडाल व मंच बनाने में लगे हुए हैं. तैयारी अंतिम चरण में है.
सभा की सफलता व कार्यक्रम की व्यवस्था देखने को लेकर भाजपा के बड़े नेता गढ़वा में कैंप कर रहे हैं. रांची से भी पल-पल की जानकारी ली जा रही है. बड़े नेता पूरी व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं. मोदी की सभा को लेकर गढ़वा-पलामू व लातेहार जिले में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. मंच पर पलामू प्रमंडल की सभी नौ सीटों से चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रत्याशी मंच पर मौजूद रहेंगे. मोदी की सभा को लेकर जिले में उत्साह है. भारी भीड़ जमा होने की उम्मीद है. गढ़वा जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. इसी तरह की चाईबासा में भी तैयारी चल रही है. चाईबासा के टाटा कालेज मैदान में उनकी सभा होगी.
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त, एसपीजी ने संभाला मोर्चा
मोदी की सभा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी. एसपीजी की टीम यहां पहुंच गई है. जिले के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही है. केंद्रीय सुरक्षा बलों व जिला बल के एक हजार से अधिक जवान तैनात किए जाएंगे. दर्जनों दंडाधिकारियों की नियुक्ति की गई है. पलामू से भी सुरक्षा बलों को बुलाया गया है. आईजी-डीआईजी खुद मानिटरिंग कर रहे हैं. बाहर से आने वाले वाहनों की पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है.




