
NewDelhi : नरेंद्र मोदी कैमरे के लिए जीते हैं. हर चीज को एक इवेंट बनाकर अगले इवेंट के लिए निकल लेते हैं. यह आरोप कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लगाया है. बता दें कि राहुल गांधी ने सफाई कर्मचारियों के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है. याद करें कि प्रयागराज में कुंभ स्नान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता कर्मचारियों के पैर धोये थे. राहुल ने पीएम मोदी पर प्रयागराज में जिन स्वच्छता कर्मचारियों के पैर धोये थे उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है. इंडियन एक्सप्रेस ने मंगलवार को एक रिपोर्ट छापी थी. अपनी रिपोर्ट में इंडियन एक्सप्रेस ने प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले में काम करने वाले स्वच्छता कर्मचारियों से बात की. ये वही सफाई कर्मचारी थे जिनके पैर पीएम मोदी ने धोये थे.
इसे भी पढ़ें – हमें राष्ट्रवाद पर ज्ञान न दे भाजपा, मुझे भारतीय होने पर गर्व है : ममता बनर्जी
सम्मान से खुश तो हैं, लेकिन सम्मान से पेट नहीं भरता
रिपोर्ट में उन कर्मचारियों ने बताया कि पीएम द्वारा दिये गये सम्मान से वे लोग खुश तो हैं, लेकिन सम्मान से पेट नहीं भरता. सफाई कर्मचारियों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्हें पीएम से बात तक करने का मौका नहीं मिला. अगर उन्हें बात करने का मौका मिलता तो वे लोग अपने लिए पक्की नौकरी, आय में वृद्धि और सफाई के लिए मशीन मांगते. कांग्रेस अध्यक्ष ने इस रिपोर्ट को अपने फेसबुक पेज पर शेयर करते हुए लिखा है, नरेंद्र मोदी कैमरे के लिए जीते हैं. कैमरा बंद होने के बाद प्रधानमंत्री ने सफाई कर्मचारियों की समस्या तक नहीं सुनी. इवेंट बनाया और निकल गये अगले इवेंट के लिए. बता दें 24 फरवरी को पीएम मोदी ने संगम में पवित्र स्नान किया और स्वच्छता कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की थी और उनके पैर धोये थे.
इसे भी पढ़ें – कर्मचारियों का वेतन पिछले साल से अधिक बढ़ेगा, लेकिन बढ़ोत्तरी सिंगल डिजिट में ही : सर्वे




