
Latehar/Garhwa: पलामू प्रमंडल के लातेहार और गढ़वा जिले में गुरूवार को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो बच्चों समेत तीन की मौत हो गयी. लातेहार जिले में दो बच्चों की मौत हुई, जबकि गढ़वा में एक युवक की मौत हो गयी.
लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के महुआडांड़-रांची मेन रोड में कूड़ो मोड़ के पास गुरुवार को टेम्पो के पलटने से उसपर सवार दो बच्चों की मौत हो गई. टेम्पो नाबालिग चला रहा था और गाड़ी में उसने आसपास के चार और बच्चों को बैठा लिया था. सभी पास के नदी में नहाने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया और गाड़ी चला रहे नाबालिग समेत दो की मौत हो गई.
मृतकों में अब्बास अंसारी (14) और निसार परवीन (8) शामिल हैं. टेम्पो अम्बोवाटोली गांव निवासी जसीम अंसारी का है. उसने टेम्पो को घर के पास खड़ा किया था. इसी दौरान जसीम का 7 साल का बेटा सिमनाम अंसारी, अब्बास अंसारी (14), निसार परवीन (8), अक्सा परवीन (8) और दानिस अंसारी (12) टेम्पो में बैठ नहाने के लिए नदी जा रहे थे. टेंपो अब्बास चला रहा था. इसी दौरान टेंपो अंनियंत्रित होकर पलट गया और मौके पर ही अब्बास की मौत हो गई.
चार जख्मी बच्चों को लेकर स्थानीय लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ पहुंचे. जहां इलाज के दौरान निसार परवीन ने भी दम तोड़ दिया. वहीं, अक्सा परवीन, सिमनाम अंसारी और दानिस अंसारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें रांची रेफर कर दिया. इधर, घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
इसे ही पढ़ें :गुमला नरसंहार मामले में सरकार को हाइकोर्ट ने फिर दिया आठ अप्रैल तक का समय
बाइक और पिकअप की टक्कर में युवक की मौत
छत्तीसगढ़ जाने वाली सड़क एनएच 343 पर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. पचपड़वा मोड़ के पास तेज रफ्तार में बाइक और पिकअप में हुई जोरदार टक्कर के बाद मौके पर युवक की मौत हो गयी. युवक अपने घर रमकंडा से गढवा पिता को खाना पहुचाने आ रहा था.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगल राम (25वर्ष) रमकंडा ऊपर टोला अपने ससुराल से गढ़वा पत्नी और बच्चे के साथ गढ़वा आ रहा था. इसी क्रम में पचपड़वा पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार गिर गए. गिरने के बाद बैंगल लोड पिकअप रौंदते हुए पार कर गया जिससे मंगल राम की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद उसका 1 वर्ष का पुत्र ठीक-ठाक है, उसकी पत्नी सदर अस्पताल में भर्ती करायी गयी है. गढवा पुलिस ने दल बल के साथ पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इसे ही पढ़ें :Big Bazaar के मालिक किशोर बियानी और फ्यूचर ग्रुप की संपत्तियां कुर्क करने का आदेश




