
Ranchi: जमीन कारोबारी कमलेश दुबे की हत्या जमीन विवाद को लेकर हुई. रांची पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो शूटर्स को गिरफ्तार किया है.
बता दें कि रातू थाना क्षेत्र के पिर्रा में बीते 30 दिसंबर को जमीन कारोबारी कमलेश दुबे की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. गिरफ्तार हुए शूटर में रातू के सिमलिया का रहने वाला राहुल रंजन और लोहरदगा के कुडू का रहने वाला शाहजान अंसारी शामिल है.
इसे भी पढ़ेंःचतरा: सालों से बनकर तैयार है पावर ग्रिड, फॉरेस्ट क्लीयरेंस व तकनीकी कारणों से नहीं हुआ चालू
पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल हुए पिस्टल और तीन गोलियां बरामद की है. बता दें कि लोहरदगा के संतोष यादव के द्वारा दोनों शूटर्स को कमलेश दुबे की हत्या की सुपारी दी गई थी. गिरफ्तार हुए दोनों शूटर का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है.
जमीन विवाद में हुई कमलेश दुबे की हत्या
कमलेश दुबे की हत्या जमीन विवाद के कारण की गई है. पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर्स से पूछताछ के क्रम में पता चला है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद का मामला है.

हालांकि मामले में इस बात का पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है कि किस जमीन के लिए कमलेश दुबे की हत्या करायी गयी और किससे जमीन को लेकर विवाद था. इस मामले में फरार चल रहे मास्टरमाइंड संतोष यादव की गिरफ्तारी होने के बाद ही पूरे मामला का खुलासा होगा. फिलहाल पुलिस घटना में शामिल मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ेंःसरायकेलाः पति ने पत्नी और तीन बच्चों पर हमला करने के बाद की आत्महत्या, महिला की मौत-बच्चे गंभीर
गौरतलब है कि कमलेश दुबे की पहचान रातू क्षेत्र में बड़े जमीन कारोबारी के रूप में थी. इलाके में कई जगह उनका काम चल रहा था. रातू थाना के कई अधिकारियों ने भी उनसे जमीन खरीदी है. जमीन विवाद को लेकर एक अन्य कारोबारी नागेन्द्र सैनी ने कमलेश दुबे पर मामला दर्ज कराया था. हालांकि, कमलेश के परिजनों के अनुसार उनका किसी से कोई विवाद नहीं था.
कमलेश दुबे के पिता की भी हुई थी हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, 10 साल पहले कमलेश के पिता ब्रजकिशोर दुबे की भी हत्या हुई थी. उन्हें भी जमीन विवाद में अपराधियों ने गोली मारी थी. कमलेश दुबे की हत्या से पहले अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर दोनों स्टाफ को भगा दिया था, इसके बाद उन्हें गोली मार दी थी.
30 दिसंबर की शाम हुआ था मर्डर
रातू थाना क्षेत्र के पिर्रा में 30 दिसंबर की शाम के करीब 7.15 बजे जमीन कारोबारी कमलेश दुबे की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. वे दुकान बंद कर जा रहे थे कि घात लगाकर बैठे तीन अपराधियों ने घर से महज 50 कदम दूरी उन पर गोलियां चला दी.
आवाज सुनकर परिजन निकले और उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटनास्थल पर अंधेरे का फायदा अपराधी भागने में सफल रहे थे. जिस वक्त घटना हुई, डीजीपी कमल नयन चौबे कचहरी स्थित कंपोजिट कंट्रोल रूम में राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर बैठक कर रहे थे.
इसे भी पढ़ेंः#EconomySlowdown: IMF ने भारत की GDP ग्रोथ अनुमान घटाकर 4.8 % किया




