ChatraCrime News

चतरा : माओवादियों ने वनकर्मियों को बंधक बनाया, इलाके में नहीं घुसने की चेतावनी देकर छोड़ा

Chatra : माओवादियों ने पत्थलगड़ा में वनकर्मियों और मजदूरों को अगवा कर लिया. दिन भर रखने के बाद उन्हें देर रात जंगल में छोड़ दिया गया. घटना गुरुवार की है. माओवादियों की इस कार्रवाई से लोगों में दहशत है. माओवादियों ने वनकर्मियों से मोटरसाइकिल और मोबाइल भी छीन लिये और क्षेत्र में नहीं घुसने की हिदायत देकर देर रात छोड़ दिया. इस मामले को लेकर पत्थलगड़ा थाना में शुक्रवार को देर शाम मामला दर्ज किया गया. माओवादियों ने दो वनरक्षी, एक अमीन, वन सुरक्षा समिति के सदस्य समेत आठ लोगों को दिनभर अगवा कर कोरांबे में पहाड़ी की तलहटी में बंधक बनाकर  रखा था.

आठ लोगों को बनाया गया था बंधक

जानकारी के अनुसार कोरांबे में बांस बखार की सफाई एवं संवर्द्धन योजना को शुरू करने के लिए लेआउट करने के लिए वन विभाग की टीम कोरांबे  पहुंची थी. पीरी प्रक्षेत्र के वनरक्षी  शत्रुघ्न कुमार चौबे और मुकेश सिंह अमीन दशरथ महतो के साथ कोरांबे पहुंचे थे. वे गांव के किनारे कोरांबे पहाड़ी के समीप योजना का लेआउट कर रहे थे. जंगल व पहाड़ को आग से बचाने के लिए इस  योजना को शुरू करना था. उनके साथ ग्राम वन प्रबंधन समिति के सदस्य व मजदूर भी शामिल थे. इसी दरम्यान हथियारों से लैस 30-35 माओवादी वहां आ पहुंचे और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया. माओवादियों ने दिन भर पहाड़ी की तलहटी में वनकर्मियों को बिठाये रखा और उन्हें इलाके में नहीं घुसने की कड़ी हिदायत देकर रात में छोड़ दिया. माओवादियों ने उनके मोबाइल को सीज कर लिया और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी छीन ली. मोटरसाइकिल तोरार के रामचंद्र प्रसाद की है.

इसे भी पढ़ें- झारखंड हाईकोर्ट ने चतुर्थ जेपीएससी में ‘स्केलिंग’ पद्धति के खिलाफ दायर याचिका खारिज की

इसे भी पढ़ें- हजारों पारा शिक्षकों की पदयात्रा से ठहर गया धनबाद, हर सड़क पर लगा जाम

Related Articles

Back to top button