
Palamu : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की पूर्वाहन में बाइक सवार अपराधियों ने पतंजलि के सेल्समैन को गोली मार दी. गोली लगने से युवक गंभीर हो गया. उसे बेहतर इलाज के लिए पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग वाहन ने एमएमसीएच में भर्ती कराया है. उससे पूछताछ के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. शुरूआती छानबीन में गोली मारने का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड के स्कूलों व कॉलेजों में लागू होंगे एनसीसी के नये पाठ्यक्रम: मेजर जनरल एम इन्द्रबालन
एमएमसीएच में कराया गया भर्ती
जानकारी के अनुसार सेल्समैन की पहचान मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बेलवाटिका निवासी संतोष कुमार चन्द्रवंशी के रूप में हुई है. एमएमसीएच में इलाज के दौरान संतोष कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि मेदिनीनगर के अमला टोली स्थित पतंजलि की एजेंसी में सेल्समैन का काम करता है. हर दिन की तरह वह घर के करीब साढ़े नौ बजे काम के सिलसिले में निकला. पतंजलि की एजेंसी में रिपोर्टिंग के बाद वह पांकी के लिए अपनी टीवीएस विक्टर बाइक से निकला था.
लेस्लीगंज के महावीर मोड़ के समीप हुई घटना
संतोष के अनुसार बुधवार की पूर्वाहन करीब 11 बजे महावीर मोड़ पर उसने लघुशंका करने के लिए अपनी बाइक रोकी. निपटने के बाद बाइक के पास पहुंचा ही था कि वहां एक बाइक आकर लगी. उसपर दो युवक सवार थे. पीछे बैठा युवक उसके पास आया और गोली चला दी. गोली उसके कंधे में लगी. गोली चलाने के बाद बाइक सवार पांकी की ओर भाग निकले.
पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने कराया भर्ती
घटना के समय सदर थाना के सीमावर्ती इलाके में पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग टीम मौजूद थी. गोली चलने की आवाज सुनकर पेट्रोलिंग टीम आगे बढ़ी. टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने युवक को इलाज के लिए लेकर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंची. गोली सेल्समैन के दाहिने कंधे में लगी.
छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ के विजय शंकर और शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा अस्पताल पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है. युवक को 12 बोर की गोली लगी है. ज़ख्मी ने एक अपराधी का नाम बताया है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. उसकी गिरफ्तारी के बाद कारण स्पष्ट किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें : बाबूलाल का नियुक्ति वर्ष पर सवाल, कहा- झूठे वादों में भी हो रहा भ्रष्टाचार का खेल




