JharkhandLead NewsRanchi

रांची रेलवे स्टेशन के Re development से यात्रियों को मिलेगी World Class सुविधा

Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन की नयी तस्वीर देखने को मिलने वाली है. अब यहां री डेवलपमेंट प्लान के बाद विश्व स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी. मंगलवार को देवघर से पीएम नरेंद्र मोदी ने 16,800 करोड़ के 25 योजनाओं का शिलान्यास किया. इसमें से एक महत्वपूर्ण काम रांची रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास का भी है. इस काम पर 447 करोड़ की लागत आनी है. शिलान्यास के मौके पर रांची रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में रांची सांसद संजय सेठ, सांसद महुआ माजी, वित्त मंत्री (झारखंड) रामेश्वर उरांव, विधायक सीपी सिंह समेत रेलवे (एसइआर) की जीएम अर्चना जोशी, डीआरएम प्रदीप गुप्ता ने उम्मीद जतायी कि रांची स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों से यह स्टेशन देश के टॉप 5 सुदंर स्टेशनों में तो शुमार होगा ही, यहां विश्व स्तरीय सुविधाएं भी यात्रियों को मिलेंगी. सबों ने इस पहल और सहयोग के लिये प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया.

रांची को विशेष तोहफाः सांसद

संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते कहा कि राज्य को उन्होंने 16 हजार करोड़ से अधिक की सौगात दी है. इसमें से रांची लोकसभा क्षेत्र को 1100 करोड़ से अधिक का लाभ मिलेगा. रांची स्टेशन का रंग रुप अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा. कई ट्रेनों की सुविधाएं भी भविष्य में यहां से बढ़ेंगी. रातू रोड ऐलिवेटेड कॉरीडोर का निर्माण, कई फोर लेन सहित अन्य कामों के पूरा होने से रांची के लोगों को बड़ी राहत और सौगात मिलेगी.

रामेश्वर उरांव ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते कहा कि रांची से भरपूर राजस्व के बावजूद उसे पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही थीं. पर अब रि डेवलपमेंट कार्यों के जरिये बड़ा काम होगा. जो सौगात केंद्र ने झारखंड को दी है, वह सराहनीय है. जरूरतों के हिसाब से रांची स्टेशन का विकास होता रहा है. पर अब बड़ा लाभ दिखेगा. स्टेशन के विस्तारीकरण और अन्य कार्यों से यात्रियों को कई सुविधाएं मिल सकेंगी.

इसे भी पढ़ें:  Tata Motors के बाई सिक्स सीधे बन सकते हैं सुपरवाइजर, कंपनी ने अपने कर्मचा‍र‍ियों की डिप्लोमा पढ़ाई के लिए अरका जैन यूनिवर्सिटी के साथ किया करार

सीपी सिंह ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते कहा कि उनके हाथों रांची स्टेशन के रि डेवलपमेंट के काम का शिलान्यास होना सौभाग्य की बात है. यह ऐसा काम है जिसके लिये सोचा तक नहीं गया था. इतने बड़े बजट से रांची स्टेशन का कायाकल्प होगा, यह किसी को भान नहीं था. पहले की तुलना में अब रांची स्टेशन में कई सुविधाएं बढ़ी हैं. पहले दिल्ली, मुंबई से रिजेक्टेड ट्रेन की बोगियां झारखंड को मिलती थीं. फिर पूर्व रेल मंत्री सुरेश प्रभू से मिलकर उन्होंने नयी गाड़ियां देने का आग्रह किया था. अब कई ट्रेन सुविधाएं पैसेंजर्स को मिल रही हैं. आने वाले समय में रांची स्टेशन देश ही नहीं, विदेशी स्टेशन को टक्कर देता नजर आयेगा. मौके पर सीपी सिंह ने जीएम से रेलवे स्टेशन एरिया में फूटपाथ दुकानदारों को भी व्यवस्थित किये जाने की अपील की.

मील का पत्थरः जीएम

अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में आये अतिथियों का स्वागत करते बताया कि रि डेवलपमेंट प्लान के तहत कई तरह के काम होंगे. यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं स्टेशन पर मिलेंगी. एक इंट्री गेट है, दूसरा भी बनेगा. विस्तारीकरण कार्यों के बाद और 1600 से अधिक यात्रियों के लिये स्टेशन पर व्यवस्था बन सकेगी. ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन, दिव्यांगों की सुविधा, रूफ पर सोलर पैनल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रुफ प्लाजा, स्मूथ ट्रैफिक सहित कई अन्य काम आगे होने हैं. जीएम ने कहा कि जो काम होने हैं, उनके पूरा होने पर यह काम मील का पत्थर साबित होगा. प्रदीप गुप्ता ने भी भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में रांची स्टेशन एक आदर्श और शानदार स्टेशन साबित होगा.

इसे भी पढ़ें:  गोपालगंज के एक शख्स की मलेशिया एयरपोर्ट पर मौत, डीएम से बॉडी मंगवाने की लगाई परिजनों ने गुहार

Related Articles

Back to top button