
Palamu : पलामू जिले में एक सनकी युवक ने प्रेमिका के चक्कर में अपनी नवविवाहिता पत्नी की हत्या कर दी. उसका शव तीन दिनों के बाद कुएं से बरामद किया गया. शव पर गंभीर जख्म के निशान मिले हैं. आंखों के पास फोड़ देने जैसा जख्म बना हुआ था, जबकि शरीर का कुछ हिस्सा गर्म पानी डालकर जलाने जैसा है.
ग्रामीणों ने देखी कुएं में लाश
नीलांबर पीतांबरपुर (लेस्लीगंज) थाना क्षेत्र के चपरना गांव में मंगलवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों में पास के कुएं में एक महिला की लाश देखी. इसकी सूचना लेस्लीगंज पुलिस को दी. कुएं से शव निकलने के बाद उसकी पहचान चपरना निवासी शिवबालक भुईयां के पुत्र स्वरूप भुइयां (20वर्ष) की पत्नी रूपा देवी (18वर्ष) के रूप में की गयी. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.
महिला गुरूवार को रूपा अपने मायके से ससुराल आयी थी. उसकी सास उसे लेने उसके मायके गयी थी. शनिवार को अचानक जानकारी दी गयी कि रूपा कही भाग गयी है. उसे ढूंढा जा रहा है. मायके के परिजन उसकी तलाश में जुटे थे. तीन दिन बाद रूपा की लाश कुएं से बरामद हुई. शव मिलते ही गांव में सनसनी फैल गयी.
शरीर पर जलने के थे निशान
शव को देखने से प्रतीत होता था कि रूपा की हत्या बेरहमी से की गयी होगी. उसके शरीर पर जलने के निशान थे. साथ ही उसके आंखों के पास गहरे जख्म के निशान मिले हैं. अनुमान लगाया जा रहा है कि रूपा की हत्या गर्म पानी डालकर जलाने और आंखे फोड़कर की गयी है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
एक वर्ष पहले हुई थी शादी
रूपा की शादी एक वर्ष पहले हुई थी. उसका मायके लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के ही धावाडीह में है. लड़की के पिता नेपाल भुइयां ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष उन्होंने अपनी लड़की की शादी नीलांबर पीतांबरपुर थाना के चपरना निवासी स्वरूप भुइयां के साथ की थी, लेकिन कुछ ही दिन बाद ही उसकी लड़की के साथ स्वरूप भुइयां मारपीट करने लगा. इसकी शिकायत बराबर उसकी बेटी उससे किया करती थी. कई बार मारपीट के मामले को लेकर गांव में पंचायत भी की गई. उसके बाद भी उसका दामाद लड़की के साथ मारपीट करना नहीं छोड़ा. नेपाल ने कहा कि स्वरूप भुइयां का गांव की ही किसी लड़की के साथ प्रेम संबंध था. इस मामले का हमेशा रूपा विरोध करती थी. इस मामले को लेकर भी कई बार पंचायत हुई थी. बावजूद स्वरूप अपनी आदत नहीं छोड़ा था.
मायके में रह रही थी रूपा
पति के प्रताड़ना से तंग होकर रूपा पिछले कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी. लड़की के पिता ने बताया कि इसी बीच लड़का की मां उसके घर आकर लड़की को विदा कराकर गुरुवार को अपने घर ले गई थी. इधर, लेस्लीगंज थाना प्रभारी गौतम कुमार राय ने बताया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता पूर्वक छानबीन कर रही है. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का संदेह हो रहा है.
आरोपी युवक और उसका पिता फरार
रूपा की लाश मिलने के बाद से आरोपी स्वरूप भुइयां और उसका पिता फरार है. पुलिस मामले में पूछताछ के लिए स्वरूप की मां को थाना ले आयी है. उससे पूछताछ की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : 50 लाख की घड़ी और 2 लाख के लुई वेटॉन के जूते पहनते हैं समीर वानखेड़े : नवाब मलिक




