NEWS

पलामू: डूबे युवक को ढूंढने के लिए नहर का पानी किया गया कम तो मिली दो लाशें

palamu : जिले के हुसैनाबाद में उतरी कोयल नहर में रविवार को नहाने के दौरान डूबे युवक को ढूंढने के लिए पानी कम किया गया तो दो लाशें बरामद हुई. डूबे युवक का शव घटनास्थल से 15 किलोमीटर दूर बरामद किया गया, वहीं जपला-विशुनपुर सड़क के समीप एक उतरी कोयल नहर में 40 वर्षीय महिला की लाश नजर आयी. महिला और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भेज दिया गया है.

रविवार को डूब गया था हैदरनगर का युवक

विदित हो कि जिले के हुसैनाबाद अनुमंडलीय क्षेत्र से होकर बहने वाली उतरी कोयल नहर में रविवार को नहाने गए हैदरनगर के इस्लामगंज के 18 वर्षीय युवक दानिश अंसारी डूब गया था. उसकी खोजबीन की जा रही थी. इसके लिए मोहम्मदगंज बराज से नहर का गेट बंद कराया गया था. पानी कम होने के बाद युवक का शव 20 घंटे बाद दुर्घटना स्थल से 16 किलोमीटर दूर लोटनिया गांव के समीप गेट में फंसा मिला. लोटनिया बिहार की सीमा से महज 3 किलोमीटर पहले है.

हुसैनाबाद पुलिस ने शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

हैदरनगर थाना प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि शव हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में मिलने की वजह से हुसैनाबाद थाना पुलिस पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया है. दानिश के चचेरे भाई ने बताया कि दानिश के पिता की पहले ही मृत्यु हो गई थी. वह अपनी मां का अकेला सहारा था और तैरना नहीं जानता था.

पानी कम होते ही दिखी महिला की लाश

नहर का पानी कम होने पर पुलिस और स्थानीय लोग दानिश अंसारी को ढूंढने में लगे थे. इसी बीच हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-विशुनपुर सड़क के समीप उतरी कोयल नहर में एक महिला की लाश नजर आयी. शव का केवल सिर दिख रहा था. सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकाला. महिला की उम्र 40 वर्ष के आस पास दिखती है. उसके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे. पुलिस महिला की पहचान करने में जुटी है.  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button