
Palamu: जिले के छतरपुर प्रखंड अंतर्गत मड़वा पंचायत के ग्रामीणों ने बुधवार को एसीबी की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया. ग्रामीण तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे और एसीबी की गिरफ्तारी की कार्रवाई को गलत बताते हुए मुखिया, उनके पति और बेटे को बेदाग बताया. साथ ही मुखिया पति और बेटे को मुक्त करने की मांग की.
इसे भी पढ़ेंः#Corona_Impact: पलामू सिविल कोर्ट भी हुआ बंद, सिर्फ जरूरी मामलों की होगी सुनवाई
मुखिया पति और बेटे की रिहाई की मांग
विदित हो कि गत 27 फरवरी को पलामू एसीबी की टीम ने मड़वा की मुखिया यशोदा देवी के पति और बेटे को घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था. दोनों न्यायिक हिरासत में हैं.
इसे लेकर मड़वा पंचायत के कई गांवों के ग्रामीणों ने बुधवार को मुखिया के समर्थन में रैली निकाली. रैली में ग्रामीणों का कहना था कि मुखिया के पति और उनका पुत्र निर्दोष है. उन्हें अविलंब रिहा किया जाए.
इसे भी पढ़ेंःदेखें वीडियो : शहीद सदानंद झा के शहादत दिवस पर आयोजित मेले में किया गया अश्लील डांस, पुलिस ने जमकर लुटाये पैसे
वार्ड सदस्य बृजेश कुमार ने रैली का नेतृत्व करते हुए कहा कि मुखिया यशोदा देवी और उनके पति के द्वारा गांव में काफी विकास का काम किया गया है, लेकिन राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उन्हें इस पद से हटाकर कुछ लोग अपनी रोटी सेंकने में लगे हुए हैं.
रैली में शामिल वार्ड सदस्य कृष्णा राम ने कहा कि हमें मुखिया, उनके पति या पुत्र से कोई शिकायत नहीं है. उन्होंने क्षेत्र में काफी काम करते हुए इलाके को आगे बढ़ाया है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा आपसी रंजिश की वजह से इन्हें फंसाकर जेल में डाल दिया गया है. हम सब ग्रामीण मिलकर दोनों की अविलंब रिहाई की मांग जिला में करेंगे.
धनंजय पटेल ने कहा कि मुखिया के द्वारा दिए गए आवास योजना अभी तक अपूर्ण हैं, इससे ग्रामीणों को काफी नुकसान हो रहा है.
इसे भी पढ़ेंःतबरेज अंसारी की पत्नी ने विधानसभा पहुंच सरकार से मांगी नौकरी, बोले रणधीर – ये सरकार नहीं सर्कस है




