
New Delhi: राष्ट्रपति भवन में पहली बार किसी अफसर की शादी की शहनाई गूंजेगी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी की रहने वाली पूनम गुप्ता की राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा क्राउन परिसर में 12 फरवरी को शादी होने वाली है. पूनम केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) की असिस्टेंट कमांडेंट हैं और राष्ट्रपति भवन में पीएसओ के पद पर तैनात हैं.
उनका विवाह जम्मू-कश्मीर में पदस्थ सीआरपीएफ के ही असिस्टेंट कमांडेंट अवनीश कुमार से होगा. विवाह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. पूनम के माता-पिता भी दिल्ली पहुंच गए हैं. शादी में पूनम के करीबी रिश्तेदारों को ही बुलाया गया है. खास बात यह है कि शादी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित बड़ी राजनीतिक हस्तियां भी आशीर्वाद देने आएंगी.
परिवार के नजदीकी प्रमेंद्र बिरथरे ने कहा कि पूनम शिवपुरी के श्रीराम कॉलोनी में निवासरत व नवोदय विद्यालय में पदस्थ कार्यालय अधीक्षक रघुवीर गुप्ता की बेटी हैं. पीएसओ के पद पर तैनात पूनम के व्यवहार व कामकाज से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बेहद प्रभावित रही हैं. जब उन्हें पता चला कि पूनम की शादी होने वाली है तो उन्होंने राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा क्राउन परिसर में उनके विवाह की व्यवस्था तय कर दी. शादी में चुनिंदा मेहमान ही शामिल होंगे. रिश्तेदार और मित्रों को शादी में शामिल करने की प्राथमिक औपचारिकताएं की जा रही हैं, ताकि उन्हें राष्ट्रपति भवन में प्रवेश मिल सके.
शिवपुरी जिले की पूनम गुप्ता ने गणित में स्नातक और अंग्रेजी साहित्य में पोस्ट ग्रेजुएट किया है. उन्होंने ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय से बीएड भी किया. वे जवाहर नवोदय विद्यालय, श्योपुर की पूर्व छात्रा हैं. उन्होंने यूपीएससी सीएपीएफ परीक्षा-2018 में 81वीं रैंक हासिल की और सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट बनीं. वहीं साल 2024 में गणतंत्र दिवस परेड में उन्होंने सीआरपीएफ की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया था.




