
Palamu: जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के बेदानीखुर्द गांव में एक महिला और एक पुरूष की तेज धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गयी. दोनों की खून से सनी लाश बरामद हुई है.
दोनों की लाश एक ही बेड पर पायी गयी. घटना के पीछे अवैध संबंध को कारण बताया जा रहा है. पुलिस मामले की छाबनीन में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ेंःपटरी पर लौटती जिंदगीः गुवाहाटी में कर्फ्यू हटा, डिब्रूगढ़ में 14 घंटे की छूट
जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह बेदानीखुर्द गांव में इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गयी है. महिला की पहचान 40 वर्षीया रघुवासिया देवी के रूप में हुई है, जबकि पुरूष 45 वर्षीय सुरेश पासवान बताया जाता है. दोनों बेदानीखुर्द गांव के ही निवासी हैं. दोनों पड़ोसी बताए गए हैं.
गांव में चर्चित था दोनों का प्रेम संबंध
बताया जाता है कि रघुवासिया देवी और सुरेश पासवान के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था. रघुवासिया के पति मोहन पासवान की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. और अक्सर बीमार रहता था.

रघुवासिया निःसंतान थी. रघुवासिया और सुरेश के बीच प्रेम संबंध की जानकारी गांव के सभी लोगों की थी. किसी को इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं थी. कोई विरोध भी नहीं करता था.
साथ में मजदूरी करते थे दोनों
पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण रघुवासिया अपना भरण पोषण करने के लिए मजदूरी करती थी. सुरेश पासवान भी मजदूर था. अक्सर सुरेश के साथ मजदूरी करते उसे देखा गया था.
इसे भी पढ़ेंःपटना में लगे नीतीश कुमार के लापता वाले पोस्टर, CAA व NRC पर सीएम की चुप्पी पर बताया ‘अदृश्य मुख्यमंत्री’
चर्चा है कि मजदूरी करते करते दोनों के बीच प्रेम हुआ था. साथ में कई वर्षों तक दोनों ने मजदूरी भी की थी.
जांच से खुलेगा राज
इस दोहरे हत्याकांड की पुलिस ने जांच तेज कर दी है. जांच से नये राज खुलने की संभावना है. हत्या की वजह प्रेम संबंध के अलावा भी कुछ हो सकता है. ऐसा इसलिए कि दोनों के प्रेम संबंध लंबे समय से चल रहा था. अगर प्रेम संबंध में उनकी हत्या होनी रहती तो कब की हो चुकी होती.
अचानक दोनों को निर्मम तरीके से मार डालना कुछ और कारण की ओर इशारा करता है. महिला के निःसंतान रहने और उसके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने पर संपति हड़पने की साजिश भी हो सकती है. हालांकि इस संबंध में जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है.
इसे भी पढ़ेंःमुजफ्फरपुर: 7 दिसंबर को जिंदा जलायी गयी लड़की की मौत, केरोसिन छिड़क कर आरोपी ने लगायी थी आग




