Palamu

पलामू: नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय का मना 14वां स्थापना दिवस, सीमित संसाधन के कारण विश्वविद्यालय नहीं कर पाया अपेक्षित प्रगति: जटाशंकर

Palamu: विद्यार्थियों की उपलब्धियों से ही विश्वविद्यालय का नाम रौशन होता है. भवन एवं अन्य आधारभूत संरचनाएं की उपलब्धता भी आवश्यक है, परंतु पठन-पाठन की गुणवत्ता से विश्वविद्यालय की प्रसिद्धि बढ़ती है. मुख्य अतिथि के रूप में नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय की 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन (कौटिल्य भवन) में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त जटाशंकर चौधरी ने मंगलवार को ये बातें कहीं. उन्होंने आगे कहा कि नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय को अपने भवन एवं अन्य संसाधनों को प्राप्त करने के लिए गत 14 वर्षों तक संघर्ष करना पड़ा है. सीमित संसाधनों एवं सीमित मानव बल के कारण विश्वविद्यालय उतनी प्रगति नहीं कर पाया है जितना आपेक्षित है. उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज विश्वविद्यालय का स्थापना सालगिरह अपने भवन में मनाया जा रहा है. उन्होंने आशा व्यक्त कि राज्य सरकार शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की शीघ्र नियुक्ति कर उनकी कमी को पूरा करेगी. उन्होंने गत एक वर्ष में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि नई शिक्षा नीति को धरातल पर उतारने में विश्वविद्यालों का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा.
इसे भी पढ़ें: बरहरवा टोल प्लाजा टेंडर मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई 24 जनवरी को

पलामू प्रक्षेत्र के आईजी राज कुमार लकड़ा ने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति करे एवं रांची विश्वविद्यालय की तरह या उससे भी अधिक ख्याति प्राप्त करे इसके लिए सार्थक प्रयत्न किया जाना चाहिए. प्रतिकुलपति ने कहा कि शीघ्र ही विश्वविद्यालय के अधूरे भवन का निर्माण हो जाएगा एवं संसाधनों की कमी दूर हो जाएगी. कुलसचिव डॉ. राकेश कुमार ने गत एक वर्ष की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी ने यूजी एवं पीजी में अपना सिलेबस बनाकर पढ़ाई शुरू कर दी है जो कि पहले रांची यूनिवर्सिटी के सिलेबस से पढ़ाई हो रही थी. एनईपी के तहत यूजी सेम 1 तथा 2 का सिलेबस यूनिवर्सिटी में लागू कर दिया गया है. शेष सिलेबस शीघ्र बना लिया जाएगा। शिक्षकों को चिरलंबित प्रोन्नत्ति दे दी गई है और कई शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रियाधीन है. रोस्टर क्लियरेंस होने के बाद शिक्षकेतर कर्मचारियों को भी प्रोनत्ति दे दी जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा लातेहार, गढ़वा एवं पलामू में कई मॉडल कॉलेज का भवन निर्माण पूरा हो चुका है जिनमें पढ़ाई शीघ्र शुरू हो जाएगी.

कुलपति प्रो. (डॉ.) राम लखन सिंह ने कहा कि अनेकों अवरोधों के बाद भी विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है. विश्वविद्यालय के भवन निर्माण में कोरोना के कारण काफी विलंब हो गया, लेकिन आशा है कि प्रशासनिक भवन के अलावा लाइब्रेरी एवं एकेडमिक ब्लॉक का काम शीघ्र पूरा हो जाएगा. साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की विश्वविद्यालय अपने भवन में शीघ्र स्थानांतरित हो जाएगा जिससे पठन-पाठन एवं प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आएगी. उन्होंने मुख्य अतिथि के साथ मिलकर सेवानिवृत 13 प्राध्यापकों एवं 26 कर्मचारियों को शॉल एवं रामायण पुस्तिका देकर सम्मानित किया.

कार्यक्रम की अध्यक्षता नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. राम लखन सिंह ने की तथा मंच संचालन डॉ. सुप्रिया सोनालिका तथा दूरदर्शन की उद्घोषिका शालिनी श्रीवास्तव ने किया. आगत अतिथियों का स्वागत भाषण सीसीडीसी डॉ. ए. के. पांडेय द्वारा प्रस्तुत किया गया. इसके पूर्व कुलपति द्वारा कुल ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई. छात्र- छात्राओं द्वारा विश्वविद्यालय का कुलगीत गाया गया. मंच पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम आरंभ किया गया. आगत अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल एवं मेमोंटो देकर किया गया. इस अवसर पर कुलपति एवं मुख्य अतिथियों के अलावा कुलसचिव डॉ. राकेश कुमार, प्रॉक्टर डॉ. के सी झा, वित्त पदाधिकारी डॉ. ए के वैद्य, परीक्षा नियंत्रक डॉ. शिव पूजन प्रसाद सिंह, डीएसडब्लू डॉ. अंबालिका प्रसाद, ए आर रजी खान सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं सेवा निवृत्त प्राध्यापक उपस्थित थे. धन्यवाद ज्ञापन डीएसडब्लू डॉ. अंबालिका प्रसाद ने किया.

Related Articles

Back to top button