
Palamu : पलामू-चतरा सीमा क्षेत्र से सीरिज लैंड माइंस बरामद किया गया है. पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के आरा जंगल में स्थित मोहना नाला से एक साथ 24 बमों को बरामद किया गया है. सूचना मिलने पर जगुआर का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और सभी लैंड माइंस को नष्ट किया.
पैदल पुलिस पार्टी को उड़ाने की थी योजना
लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर इलाके को सेनेटाइज्ड करने के लिए पलामू-चतरा सीमा में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है. आरा और अलीडीह के इलाके में भी पुलिस कई दिनों से गश्ती कर रही थी. गुरुवार को भी पुलिस पार्टी इस इलाके से गुजरने वाली थी. ऐसी सूचना पर पैदल पुलिस पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए सारे बमों को नाला के पत्थरों में छिपाकर झोले में रखा गया था.
गुप्त सूचना पर हुई बरामदी
एएसपी अभियान अरूण कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस पार्टी को अलर्ट किया गया. सर्च अभियान चलाकर सारे बमों को नाला से बरामद किया गया. एएसपी ने बताया कि दो-दो सौ ग्राम के 24 बमों को बरामद किया गया है. सारे बम सीरीज किये गये थे. ऐसे बम पैदल पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाये जाते हैं. उन्होंने कहा कि बमों के विस्फोट होने पैदल चल रहे जवानों को भारी नुकसान पहुंचता. खुफिया तंत्र के सहारे समय रहते सारे बमों को बरामद कर सफलता हासिल की गयी.
घोर उग्रवाद प्रभावित है आरा-अलीडीह इलाका
एएसपी ने जानकारी दी कि आरा और अलीडीह का इलाका घोर नक्सल प्रभावित है. एक छोर पलामू के तरहसी की ओर जाता है तो दूसरी छोर पर चतरा का लावालौंग इलाका पड़ता है. इस इलाके में नक्सलियों की गतिविधि रहने पर इलाके को सेनेटाइज्ड किया जा रहा है. अभियान में अभियान एएसपी अरुण कुमार, प्रशिक्षु आइपीएस विनीत कुमार, डीएसपी अनूप बड़ाइक समेत बीडीडीएस टीम के लोग मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : चाईबासा में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक महिला नक्सली गिरफ्तार




