
Chaibasa : चाईबासा जिले के अंजडबेरा, इचाहतु जंगल में नक्सली और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने आइडी ब्लास्ट भी किया. लेकिन सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को करारा जवाब दिया. मुठभेड़ में कई नक्सलियों की गोली लगने की सूचना है. मुठभेड़ के पश्चात ननकी नाम की एक महिला नक्सली घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया है. वहीं सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के एक कैंप को ध्वस्त कर दिया है. नक्सलियों और सुरक्षाबल के बीच हुए मुठभेड़ की पुष्टि कोल्हान डीआइजी कुलदीप द्विवेदी ने की.
नक्सलियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर चलाया गया ऑपरेशन
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को अंजडबेरा, इचाहतु जंगल मे नक्सलियों के छिपे होने की सूचना मिली थी. जिसके बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस द्वारा ऑपरेशन शुरू किया गया. पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिस ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया.
नक्सलियों ने किया लैंड माइंस विस्फोट
नक्सली और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में नक्सलियों ने कैंप के आस-पास कई जगहों पर लैंड माइंस भी बिछा रखा था. जिसे भी विस्फोट किया गया था. दोनों ओर से हुई फायरिंग में कई नक्सलियों के भी घायल होने की सूचना है. पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. वहीं सुरक्षा बलों के द्वारा पूरे इलाके को घेर कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सर्च के दौरान भारी मात्रा में गोली, टेंट एवं अन्य सामानों की बरामदगी हुई है.




