JharkhandKhas-KhabarPalamu

परवान पर पारा: जयपुर से भी ज्यादा गर्म पलामू, 45 डिग्री पहुंचा तापमान

Palamu: पलामू में गर्मी के रूप में आसमान से आग बरस रही है. तापमान की त्योरियां लगातार चढ़ रही हैं और सूरज आग बरसा रहा है. पलामू में गर्मी की प्रचंडता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह क्षेत्र देश के 10 सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है.

गर्म हवाओं के थपेड़ों से झुलस रहा बदन

गर्म हवाओं के थपेड़ों से बदन झुलस रहा है. हालात यह है कि शुक्रवार और शनिवार को पलामू जिला मुख्यालय डालटनगंज राजस्थान की राजधानी जयपुर से भी गर्म रहा.

इसे भी पढ़ेंःसंजय निरुपम की विवादित टिप्पणीः कहा-देश के सारे गर्वनर सरकार के चमचे

शुक्रवार को डालटनगंज का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जयपुर का अधिकतम पारा 42 डिग्री के आस-पास ही रहा. शनिवार को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आस-पास ही दर्ज किया गया.

सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा तापमान

डालटनगंज का तापमान इन दिनों सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक दर्ज की जा रही है. तापमान में लगातार हो रही वृद्धि से लोग बेहाल हैं.

सूरज के निकलने के बाद से तेज धूप और पूर्वाहन होते ही लू के थपेड़ों से जिंदगी हलकान हो गयी है. दोपहर होते ही सड़कों पर चलना दुभर हो जा रहा है.

स्कूलों के समय 10 बजे पूर्वाहन तक ही

चढ़ते पारे को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर पलामू के स्कूलों ने अपनी समय में परिवर्तन कर दिया है. स्कूल अब दिन के 10 बजे तक ही संचालित हो रहे हैं. इधर, राज्य सरकार ने आगामी 13 मई से सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी है.

8 जून तक सारे विद्यालय बंद रखने का निर्देश सरकार के प्रधान सचिव ने राज्य के सभी उपायुक्तों को दिया है. पलामू जिले में अब गर्मी में बढ़ोतरी अप्रत्याशित नहीं है.

इसे भी पढ़ेंःबीजेपी पर सिद्धू की रंगभेद टिप्पणी, कहा- काले अंग्रेजों से देश को निजात दिलाओ

पिछले कुछ वर्षों से यहां जितनी कड़ाके की ठंड पड़ती है. उतनी ही तेज यहां गर्मी पड़ती है. सूखी और रूखी हवायें शरीर का पानी सुखाने के लिए काफी है.

कब रहा-कितना तापमान

41.1 डिग्री- रविवार
42.7 डिग्री- सोमवार
43.7 डिग्री- मंगलवार
44.6 डिग्री- बुधवार
44.6 डिग्री- गुरूवार
45.0 डिग्री- शुक्रवार
45.2 डिग्री- शनिवार

बेवजह धूप में न निकलें, जहां-तहां का पानी पीने से बचें: डा. रोहित

सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डा. रोहित पांडेय कहते हैं कि पलामू जिले में जिस प्रकार गर्मी है, वैसे में बहुत सावधान रहने की जरूरत है. सेहत के प्रति थोड़ी भी लापरवाही से तबीयत बिगड़ सकती है.

वे कहते हैं कि इन दिनों सबसे ज्यादा पेट खराब होने की शिकायतें आती हैं और इसकी मुख्य वजह है खान-पान का ध्यान न रखना. डा. पांडेय के अनुसार, गर्मी के दिनों में लोगों को संतुलित भोजन लेना चाहिए और जहां-तहां पानी पीने से बचना चाहिए.

ऐसे में हमेशा घर से अपने साथ पानी का बोतल लेकर ही चलें और प्यास लगे तो उसे नजरअंदाज नहीं करें. इस मौसम में पानी और लवण की मात्रा को बनाये रखना बेहद जरूरी है. डा. रोहित पांडेय की सलाह है कि बेवजह धूप में न निकले.

जब भी घर से निकलें तो पूरी बांह वाले कपड़े पहनकर और सिर को ढककर ही निकलें. बाहर से आकर तुरंत पानी न पीयें और घर से निकलते वक्त पानी अवश्य पीयें. ऐसा कर लू से सुरक्षित रहा जा सकता है.

12 से बदल सकता है मौसम

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर दी है. 12 मई से मौसम में परिवर्तन हो सकता है. इस दौरान आकाश में बादल छायेंगे.

13 से 15 मई के बीच कहीं-कहीं बारिश और व्रजपात भी हो सकती है. मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि मौसम में इस परिवर्तन के बाद तापमान में दो-तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है.

इसे भी पढ़ेंःफिसड्डी निकले नौकरी वाले JPSC के 50 विज्ञापन, सिर्फ फॉर्म भरवाया लेकिन युवा अब भी बेरोजगार

Related Articles

Back to top button