
Dilip Kumar
Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद में एक डाकघर बचत अभिकर्ता द्वारा सैकड़ों खाताधारियों के लगभग 50 लाख रुपये डकार लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के देवरी खुर्द गांव निवासी और डाकघर की स्टैंडराइज्ड एजेंसी सिस्टम (एसएएस) के अभिकर्ता कृष्णा विश्वकर्मा उर्फ कृष्णा शर्मा और उसकी पत्नी महिला प्रधान क्षेत्रीय बचत योजना एजेंट कुन्ती देवी ने खाताधारियों को विश्वास में लेकर उनके लगभग 50 लाख रुपये डकार लिये.
पासबुक अपने पास रख लिया था
उल्लेखनीय है कि आवर्ती जमा योजना (आरडी) का सारा पासबुक वह स्वयं रखता था. आज भी पलामू जिले के 95 प्रतिशत आरडी खाताधारियों का पासबुक बचत अभिकर्ता के पास ही है, जो माह की अंतिम तिथि को चालान बनाकर एक साथ रुपये जमा करते हैं.
तीन की संलिप्तता आयी सामने
बताया जाता है कि कुन्ती देवी जपला सीमेन्ट फैक्ट्री उपडाकघर की प्रधान महिला क्षेत्रीय बचत योजना एजेंट है, जो एक गृहिणी महिला है.
डाकघर से सम्बंधित आवर्ती जमा योजना, डाकघर बीमा योजना एवं अन्य जमा योजनाओं का सारा कार्य कुन्ती देवी का पति डाकघर का अभिकर्ता कृष्णा विश्वकर्मा और उसका देवर शिव कुमार विश्वकर्मा करता था.
इसे भी पढ़ें : #Rims के डेंटल विभाग में इलाज प्राइवेट अस्पताल से भी ज्यादा महंगा
पुस्तैनी धंधा छोड़कर शुरू किया पोस्ट ऑफिस का कार्य
सूत्रों के अनुसार कुन्ती के पति और देवर पहले बढ़ई मिस्त्री का पुश्तैनी कार्य करते थे. बाद में स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर कृष्णा शर्मा जो स्वयं भी डाकघर का अभिकर्ता है और इसका भाई, दोनों ने कुन्ती देवी के नाम पर आवर्ती जमा योजना के तहत एक सौ रुपये से लेकर तीन हजार रुपये तक का आरडी खाता खोलना शुरू किया.
प्रारम्भ में कृष्णा विश्वकर्मा देवरी खुर्द एवं देवरी कला पंचायत के ग्रामीणों का डाकघर से सम्बंधित सारा कार्य अपने माध्यम से निष्पादित करने लगा. इस प्रकार वह लोगों का विश्वास जीतने में सफल हो गया.
विश्वसनीयता के दम पर फैलाया कार्य
अपनी विश्वसनीयता के दम पर कृष्णा ने अपना कारोबार हुसैनाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में फैला दिया. तब इसने अपने छोटे भाई शिवकुमार को भी डाकघर की योजना में लगा दिया और खाताधारियों का पैसा कलेक्शन कराने लगा.
खाताधारियों की संख्या जब काफी बढ़ गयी तो इनलोगों ने बढ़ईगिरी का पुश्तैनी धंधा छोड़ दिया.
साख मजबूत होने पर गयी पैसों पर नजर
स्थानीय ग्रामीणों में जब कृष्णा शर्मा की साख मजबूत हो गयी तो इसकी गिद्ध दृष्टि खाताधारियों के जमा पैसे पर लग गयी.
प्रारम्भ में जब खाताधारियों का आवर्ती जमा योजना की परिपक्वता अवधि पूर्ण हुई तो प्रधान डाकघर से कलेक्शन के नाम पर ग्राहकों का पैसा छह माह या सालभर बाद देता था, लेकिन लोगों को शक नहीं हुआ.
छठ के बाद से गायब है अभिकर्ता
खाताधारियों के जमा पैसे से ही वह अपने घर का सारा खर्च चलाता था. इधर, अचानक छठ पर्व के समय कृष्णा क्षेत्र से गायब हो गया.
लोग अपने किश्त की राशि जमा करने हेतु उसे ढूंढने लगे तो घरवालों ने बताया कि वह अपना मोबाइल बंद कर लापता हो गये हैं.
इसे भी पढ़ें : #CCL ने पांच साल पहले 527 पदों के लिए निकाली वेकेंसी, अब सरप्लस कर्मचारी होने का तर्क दे रद्द की नियुक्ति
स्टेटस चेक कराने पर गबन का मामला सामने आया
आश्चर्य की बात तो यह है कि जब कई लोगों ने खाता नंबर से स्टेटस चेक करवाया तो पता चला कि जो खाताधारी एक सौ रुपये प्रतिदिन देता था उसका मात्र एक हजार रुपये महीने का आरडी खाता खोला गया है, जबकि तीन हजार महीना होना चाहिये.
इसी प्रकार कई खाताधारियों का आरडी तीन साल पूरा होने पर जाली हस्ताक्षर कर रुपये की निकासी कर लिया. कई लोगों का तो खाता ही नहीं खोला गया और प्रतिमाह निर्धारित रकम की वसूली की जाती थी.
प्लानिंग के तहत की गड़बड़ी
गौरतलब तो यह है कि कृष्णा शर्मा इतना शातिर खिलाड़ी निकला कि एक तरफ खाताधारी के खाता से पैसे की निकासी कर उसे बंद करा दिया तो दूसरी तरफ वह संबंधित खाताधारी से पांच साल तक प्रतिमाह निर्धारित रकम भी लेता रहा.
तीन साल तक भी खाता में 20 हजार से कम रकम ही जमा करता था, ताकि ज्यादा होने पर रकम खाताधारी के बचत खाता में न जमा हो जाये.
इसे भी पढ़ें : कोर्ट के किसी केस की वजह से नहीं बल्कि आदिवासी जमीन के कारोबार की वजह से हुई अधिवक्ता रामप्रवेश सिंह की हत्या




