
Palamu : कोरोना से मौत की अफवाह की सूचना पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय टीम ने मेदिनीनगर सदर प्रखंड क्षेत्र के सुआ व कौड़िया गांव का जायजा लिया. इस दौरान संबंधित मामले की जांच की गयी. जांच के दौरान पाया गया कि ग्रामीणों की मौत कोरोना वायरस से नहीं, बल्कि दूसरी बीमारी से हुई है.
टीम में पलामू के डीएलओ डॉ एमपी सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डीपीएम दीपक कुमार गुप्ता और महामारी विशेषज्ञ डॉ अनुप सिंह शामिल थे. इस बीच गांव में 50 घरों का सर्वे कराया गया. टीम के माध्यम से 375 लोगों की कोरोना जांच की गयी. हालांकि इसमें एक भी लोग संक्रमित नहीं मिले.
इसे भी पढ़ें:नारदा स्टिंग केसः टीएमसी नेताओं को जमानत नहीं, नजरबंद रहेंगे चारों
डीपीएम दीपक कुमार ने बताया कि मृतकों के परिवारवालों से बातचीत की गयी. पता चला कि तीन से चार बुजुर्गों की मौत सामान्य कारणों से हुई है. इसी तरह चार लोगों की मौत हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, शुगर आदि बीमारियों से हुई है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए प्रयासरत है. हरेक आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं. इस विकट परिस्थिति में पैनिक होने की जरूरत नहीं है. लोग सावधानी बरतें. मास्क लगायें और हाथों की नियमित धुलाई करते रहें.

बांटा गया मास्क
टीम ने गांव के लोगों के बीच मास्क व सैनिटाइजर का वितरण किया. इस बीच करीब चार सौ मास्क बांटे गये. डॉ एमपी सिंह ने तमाम लोगों को नियमित मास्क लगाने की हिदायत दी. कहा कि बेवजह लोग घरों से बाहर नहीं निकलें.
हरेक लोग नजदीकी केंद्र पर करायें टीकाकरण
सुआ व कौड़िया गांव का भ्रमण करने के बाद दौरान दर्जनों लोगों से बातचीत की गयी. पूछने पर पता चला कि अधिकांश लोगों ने टीकाकरण नहीं कराया है. इस पर डीपीएम दीपक कुमार ने तमाम लोगों से अविलंब कोरोना रोधी टीका लेने की अपील की. कहा कि टीकाकरण भी कोरोना से बचाव का अहम माध्यम है. लोग अफवाह से बच कर नजदीकी केंद्र पर जायें और टीकाकरण करा लें.
इसे भी पढ़ें: कोमल के परिजनों ने लगायी न्याय की गुहार, कहा- दहेज के लिए किया जाता था प्रताड़ित, इसलिए की आत्महत्या




