
Palamu : एंटी करप्शन ब्यूरो की पलामू इकाई ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घूसखोर बीपीओ को गिरफ्तार किया. जिले के नावा बाजार के मनरेगा बीपीओ आनन्द कुमार को 12 हजार रुपये घूस लेते कंडा से गिरफ्तार किया गया. बीपीओ सिंचाई कूप निर्माण के एवज में सोहदाग निवासी प्रसाद यादव से घूस ले रहे थे.
जानकारी के अनुसार नावा बाजार क्षेत्र के सोहदाग निवासी प्रसाद यादव को मनरेगा योजना से सिंचाई कूप मिला था. इसके निर्माण और भुगतान के लिए दस्तावेज को आगे बढ़वाना चाहता था. बीपीओ से मिला तो उन्होंने घूस की मांग की. 12 हजार रुपए देने पर कागजी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही. लाभुक घूस नहीं देना चाहता था. कई बार आग्रह करने के बाद भी जब उसे घूस की राशि के लिए परेशान किया गया तो उसने इसकी शिकायत एसीबी की मेदिनीनगर कार्यालय में की.
शिकायत के आलोक में मामले की जांच की गयी और सही पाकर कार्रवाई के लिए मंगलवार को टीम बनायी गयी. आवेदक प्रसाद यादव को घूस के 12 हजार रूपये देकर एसीबी की टीम के साथ मौके पर भेजा गया. आंनद कुमार ब्लॉक से वापस मेदिनीनगर जा रहे थे. इस बीच प्रसाद यादव ने उनसे संपर्क किया तो बीपीओ ने रुपये बीपीओ को दिए, ऐन मौके पर एसीबी टीम ने पैसा लेते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया.




