
Palamu : सीपीआई के जिला सचिव रुचिर कुमार तिवारी ने अनाज की कालाबाजारी से संबंधित शिकायत राज्य स्तरीय कोरोना नियंत्रण केंद्र (181) में दर्ज करायी है. इस संबंध में जिला सचिव श्री तिवारी ने बताया कि सदर प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी रंधीर कुमार की मिली भगत से गरीबों के अनाज की कालाबाजारी की जा रही है. इसी से जुड़ी शिकायत दर्ज करायी गयी है ताकि मुख्यमंत्री अपने स्तर से मामले की जांच कराकर दोषी आपूर्ति पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई कर सके.
इसे भी पढ़ेंः #Lockdown : केंद्र ने प्रवासी मजदूरों- छात्रों को घर वापसी की छूट दी, राज्यों को पालन करना होगा प्रोटोकॉल
उन्होंने बताया कि मामला सदर प्रखंड की सुआ पंचायत के बिन्हुआ टोला के परहिया परिवार एवं सरजा पंचायत भूसड़िया के परहिया परिवार से जुड़ा हुआ है. आदिम जनजाति डाकिया योजना के तहत परहिया परिवार को प्रत्येक माह उनके घर तक तीस किलो अनाज उपलब्ध कराना है. लेकिन सदर प्रखंड में परहिया परिवार को उचित मात्रा में राशन की आपूर्ति नही की जा रही है और कई माह का अनाज भी नही मिला है.
इसकी शिकायत मिलने पर सीपीआई की टीम दोनों गांव में जाकर मामले की जांच की. इस दौरान पाया कि 13 अप्रैल को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के द्वारा प्रतिनियुक्त स्वयं सेवक के द्वारा बिनुआ टोला के परहिया परिवार को अप्रैल माह का राशन दिया गया और कार्ड पर जून माह तक अंकित कर दिया गया. कार्डधारियों ने बताया कि 30 किलो अनाज का पैकेट मिला है.
इसे भी पढ़ेंः #Lockdown: निजी स्कूल के फीस लेने पर 3 माह तक रोक, आगे के फैसलों के लिए कमिटी गठित
इसी तरह भूसड़िया गांव के परहिया परिवार को 13 अप्रैल को ही एक माह का राशन दिया गया और कार्ड पर अप्रैल व मई माह चढ़ा दिया गया. इतना ही नही बैरिया के डीलर निकहत परवीन का लाइसेंस कालाबाजारी के आरोप में निलंबित कर दिया गया. लेकिन उनके द्वारा अप्रैल व मई माह का अनाज उठाव कर लिया गया है. अभी तक निकहत परवीन से अनाज की रिकवरी नही की गयी है और न ही उनके कार्डधारियों को अप्रैल व मई माह का राशन ही मिला है. इस मामले में कार्रवाई की मांग की गयी है.
इसे भी पढ़ेंः पलामू: 100 डायल करते ही बुजुर्गों-बीमारों को मिलेगी मेडिकल सुविधा, पुलिस कंट्रोल रूम को बनाया गया प्रभावी




