JharkhandPalamu

पलामू : उपायुक्त के पहले जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़

Palamu : पलामू के नये उपायुक्त शांतनू अग्रहरि द्वारा मंगलवार को अपने कार्यालय वेश्म में पहला जनता दरबार आयोजित किया गया. इसमें बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से महिला व पुरूष पहुंचे और अपनी-अपनी फरियाद उपायुक्त को सुनाई. उपायुक्त ने भी फरियादियों की फरियाद के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारी व कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

विश्रामपुर प्रखण्ड के डिहरिया गांव की नीलम वर्मा ने उपायुक्त से अपनी पीडीएफ दुकान के लाइसेंस का निलंबन वापस कराने की गुहार लगाई. बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद उन्हें पीडीएफ दुकान का लाइसेंस मिला था. वह इमानदारीपूर्वक अनाज का वितरण कर रही थी, लेकिन वार्ड पार्षद द्वारा प्रतिमाह मांगी जाने वाली तीन हजार रुपये की राशि नहीं देने पर उनके द्वारा मनगढ़ंत आरोप लगाकर शिकायत की गयी, जिसके बाद दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है. नीलम ने उपायुक्त से मामले की जांच कराकर लाइसेंस का निलंबन वापस कराने की मांग की है.

इसी तरह जनता दरबार में पहुंचे संजय कुमार पंडित ने दो वर्ष पूर्व सेवानिवृत हुए अपने पिता का पेंशन शुरू कराने एवं आवश्यक पावना का भुगतान कराने की गुहार उपायुक्त से लगायी. उन्होंने कहा कि विभाग के संबंधित कर्मियों द्वारा घूस नहीं मिलने पर कार्य बाधित करने की भी शिकायत की.

इसी तरह एक अन्य महिला अमन बीबी ने उपायुक्त से राशन नहीं मिलने की शिकायत की. बताया कि वह अत्यंत निर्धन परिवार की सदस्य हैं. डीलर द्वारा राशन नहीं दिये जाने के कारण उनके बच्चों की मौत भूख से हुई है. इसपर उपायुक्त ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल एमओ को तलब किया और उन्हें संबंधित डीलर से स्पष्टीकरण पूछने तथा उक्त महिला को तत्काल राशन दिलवाने के निर्देश दिये. इसी तरह उपायुक्त के पहले जनता दरबार में फरियादी के रूप में पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं और शिकायतों से उन्हें अवगत कराते हुए न्याय करने की गुहार लगाई.

Related Articles

Back to top button