
Patna: बिहार विधानसभा में वीआईपी पार्टी का अस्तित्व समाप्त होने के बाद भी मंत्री की कुर्सी छोड़ने को राजी नहीं हो रहे मुकेश सहनी को जोरदार झटका लगा है. एनडीए और सरकार उनका खेल पूरी तरह से खत्म होता प्रतीत हो रहा है. सूत्रों से मिल रही खबर के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हे मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की सिफारिश राज्यपाल को भेज दी है. बीजेपी ने इसके संकेत दिये थे. वैसे पिछले कई दिनों से बीजेपी को उम्मीद थी कि मुकेश सहनी खुद ही इस्तीफा दे देंगे, लेकिन वे खुद मंत्री पद का रूतबा छोडने को तैयार नहीं हुए.
माना जा रहा है कि नीतीश कुमार ने बीजेपी के कहने पर राज्यपाल को सिफारिश भेजा है. नियमों के मुताबिक किसी मंत्री को पद से हटाने के लिए मुख्यमंत्री अपनी सिफारिश राज्यपाल को भेजते हैं. राज्यपाल उनकी सिफारिश पर मंत्री को बर्खास्त करते हैं. वैसे स्पष्ट कर दें कि राज्यपाल ने अब तक मुकेश सहनी की बर्खास्तगी की अधिसूचना नहीं जारी की है, लेकिन संवैधानिक प्रावधानों के मुताबिक अगर मुख्यमंत्री सिफारिश करते हैं तो उसे मानना राज्यपाल की बाध्यता है.




