
Dhanbad: धनबाद लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी क्रिकेटर कीर्ति आजाद को पराजित कर हैट्रिक लगायी है. उन्होंने धनबाद के चुनावी पिच पर क्रिकेटर सह कांग्रेस प्रत्यशी कीर्ति झा आजाद को न केवल बोल्ड कर दिया है, बल्कि अपने 24 साल के नॉट आउट राजनीतिक बल्लेबाजी को कायम रखा. कीर्ति को करीब चार लाख के मतों के अंतर से पराजित किया है.
पीएन सिंह धनबाद की राजनीति में 24 साल से नॉटआउट बल्लेबाज की तरह बल्लेबाजी कर रहे हैं. झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष श्री सिंह 2009 में पहली बार सांसद बने. 2014 की मोदी लहर में वह झारखंड में सबसे ज्यादा 2.92 लाख वोट से चुनाव जीते थे. धनबाद विधानसभा क्षेत्र से तीन बार 1995, 2000 और 2005 में विधायक भी चुने जा चुके हैं. इससे पहले पशुपतिनाथ सिंह तीन बार वार्ड पार्षद भी रह चुके हैं.
गुरुवार सुबह बजे कृषि बाजार प्रांगण समिति बरवाअड्डा में धनबाद लोकसभा क्षेत्र के मतों की गिनती शुरू हुई. भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह ने मतगणना की शुरुआत से ही कांग्रेस प्रत्याशी क्रिकेटर कीर्ति आजाद पर जो बढ़त बनायी वह बढ़ती ही गयी. चुनाव आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह ने चार लाख से ज्यादा की बढ़त बना रखी है. उन्हें 616977 मत और कांग्रेस के कीर्ति आजाद को 267266 मत मिले हैं.
भाजपा को विभिन्न विधानसभाओं में मिली लीड
धनबाद में 75 हजार, बोकारो में 91 हजार, चंदनकियारी में 35 हजार, निरसा में 87 हजार, सिंदरी में 71 हजार एवं झरिया में 42 हजार वोट की लीड मिली. पीएन सिंह की लीड 4 लाख से अधिक हुई. झारखंड में सबसे अधिक मतों से जीतने वाले सांसद बनेंगे.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह से आजसू प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी बने सांसद



