
Plamu : एंटी करप्शन ब्यूरो की पलामू इकाई ने बुधवार को एक बार फिर कार्रवाई की है. एसीबी ने पुलिस अवर निरीक्षक को गिरफ्तार किया है. मेदिनीनगर टाउन थाना में कार्यरत एएसआई इंदर पासवान को 5 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा गया है. बता दें कि पलामू एसीबी की 24 घंटे के अंदर यह दूसरी कार्रवाई है.
एएसआई की गिरफ्तारी से पहले मंगलवार को जिले के नावा बाजार के मनरेगा बीपीओ आनंद कुमार को 12 हजार रूपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया था. बीपीओ सिंचाई कूप निर्माण के एवज में सोहदाग निवासी प्रसाद यादव से घूस ले रहे थे. इसके साथ ही पलामू एसीबी की टीम ने इस वर्ष का पांचवा ट्रेप केस को पूरा कर लिया है.
इसे भी पढ़ें: अमेरिका में मसाज पार्लर में गोलीबारी में आठ लोगों की मौत, संदिग्ध पकड़ा गया
जमानत के लिए 6 हजार की थी डिमांड
रेड़मा निवासी कंचन कुमार गुप्ता उर्फ टिंकू सहित तीन के खिलाफ जमीन विवाद में 4 फरवरी 2021 को मुकदमा हुआ था. विकास कुमार नामक युवक ने एफआइआर दर्ज करायी थी. कंचन भी मामले में आवेदन दिया था. लेकिन उसकी ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी. 25 फरवरी को टाउन थाना के कंचन कुमार गुप्ता सहित अन्य को नोटिस दिया गया था और थाना बुलाया गया था. मामले में जब कंचन कुमार गुप्ता ने मेदिनीनगर टाउन थाना के एएसआई सह केस के अनुसंधानकर्ता इंदर पासवान से मिला तो उसे बताया गया कि 6 हजार देने पर उसके अलावा दो अन्य लोगों को मुकदमे में थाना से ही जमानत दे दी जाएगी. कंचन ने रुपये देने में असमर्थता जताई तो एएसआई ने कहा कि पैसा नहीं देने पर उसे जेल भेज दिया जायेगा.
एसीबी डीएसपी करूणानंद राम ने बताया कि आवेदक कंचन कुमार गुप्ता घूस नहीं देना चाहते थे. उसने इसकी शिकायत एसीबी की मेदिनीनगर कार्यालय में की थी. शिकायत के आलोक में मामले की जांच की गयी और सही पाकर कार्रवाई के लिए बुधवार की सुबह टीम बनायी गयी. आवेदक को घूस के 5 हजार रूपये देकर एसीबी की टीम के साथ मौके पर भेजा गया. टाउन थाना के गेट पर जैसे ही एएसआई ने घूस के पैसे लिए, ऐन मौके पर एसीबी टीम ने पैसा लेते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया.




