JharkhandPalamu

Palamu : 166 हेल्थ वर्कर्स को लगा कोरोना का टीका, 14 फरवरी को लगेगा दूसरा डोज

Palamu : पलामू जिले के दो स्थानों से शनिवार को कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई. मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं चैनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से टीकाकरण किया गया. स्वास्थ्कर्मियों को कोविशील्ड टीका का पहला डोज दिया गया. कुल 166 हेल्थ वर्कर्स को टीका दिया गया. इसमें एमएमसीएच में 87, जबकि सीएचसी से 79 कर्मी शामिल हैं.

मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारी नागेश्वर दुबे को पहला टीका दिया गया. इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ केनेडी, डीआरसीएचओ डॉ. अनिल कुमार को टीका दिया गया. चैनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहले कुंती देवी एवं उसके बाद लाडले हसन को टीका दिया गया.

पलामू उपायुक्त शशि रंजन एमएमसीएच एवं सीएचसी में आयोजित कोरोना टीकाकरण शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए. साथ ही की गयी तैयारियों एवं टीकाकरण की पूरी गतिविधियों का जायजा लिया. उससे संबंधित पूरी जानकारी लेते हुए टीकाकरण के लिए पूरे प्रोटोकॉल का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने कहा कि फिलहाल दो जगह से टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गयी है. यह टीका पूरी तरह से कारगर है. इसे लेकर किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए. उन्होंने सभी से टीकाकरण के लिए आगे आने की अपील की. साथ ही टीकाकरण कराने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को शुभकामनाएं दीं.

सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ केनेडी ने कहा कि कोविशील्ड का टीका लेने से उन्हें किसी तरह की कोई समस्या या तकलीफ नहीं हुई. उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों एवं आमजनों से अपील किया कि गोविन पोर्टल पर जिनका रजिस्ट्रेशन हुआ है और उनका नाम आ रहा है तो वे टीकाकरण के लिए आगे आयें.

उन्होंने कहा कि जिन लाभुकों को आज पहला डोज का टीका पड़ा है, उन्हें 14 फरवरी को दूसरा डोज लगाया जायेगा. चैनपुर सीएचसी में शुभारंभ कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर भी शामिल हुए.

इसे भी पढ़ें : DVC से 25 साल तक बिजली खरीद के प्रस्ताव को नियामक आयोग ने किया वापस, JBVNL ने दिया था प्रस्ताव

10 व्यक्तियों के पहुंचने पर खोला गया वाइल

टीकाकरण हेतु निर्धारित स्थल पर 10 व्यक्तियों को जमा होने के बाद वैक्सीन का वायल खोला गया एवं चिन्हित व्यक्तियों को टीकाकरण किया गया. एक वाइल में 10 डोज थे. टीका उन व्यक्तियों को दिया गया, जिनका रजिस्ट्रेशन कोविन पोर्टल पर हुआ था. अब इन्हें 28 वें दिन टीका का दूसरा डोज दिया जायेगा.

मौके पर अधीक्षक डॉ. केएन सिंह, डीआरसीएचओ डॉ. अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम, डॉ. अनुप, डीपीएम स्वास्थ्य दीपक कुमार, सुखराम बाबू, रिजनल कॉडिनेटर (आईईसी) कनक राज पाठक, हॉस्पिटल मैनेजर सुनित कुमार आदि कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्कर्मी उपस्थित थे. चैनपुर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसकेपी यादव, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुनीता कुमारी, लेखा प्रबंधक धीरज कुमार सिन्हा, डाटा प्रबंधक संजीव कुमार के अलावा मेडिकल ऑफिसर डॉ. डीपी केसरी, डॉ. अनिता कुमारी, डॉ. राहुल रंजन, डॉ. चमन कुमार आदि उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें : गढ़वा : पत्नी से फोन पर बात नहीं हुई तो महाराष्ट्र से लौटा युवक, पत्थर से कूचकर मार डाला और कर दिया सरेंडर

Related Articles

Back to top button