National

पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस का एक कॉरिडोर किया बंद, विदेशी उड़ानों को लगेगा 12 मिनट का अतिरिक्त समय

New Delhi : पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस के एक कॉरिडोर को बंद कर दिया है जिससे विदेशी उड़ानों को 12 मिनट का अतिरिक्त समय लगेगा. यह जानकारी एअर इंडिया के एक अधिकारी ने दी.

उन्होंने बताया कि कॉरिडोर बंद होने से उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा. एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि एक कॉरिडोर (पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में) को बंद कर दिया गया है. इससे अधिकतम 12 मिनट का परिवर्तन होगा. इससे हम पर ज्यादा प्रभाव नहीं पडे़गा. गौरतलब है कि एअर इंडिया पाकिस्तानी हवाईक्षेत्र से रोजाना करीब 50 उड़ानों का संचालन करती है.

धारा 370 के फैसले पर बौखलाया पाकिस्तान

मालूम हो कि जम्मू-कश्मीर पर भारत के फैसले के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है. मोदी सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर में धारा 370 और अनुच्छेद 35-ए हटाये जाने से पाकिस्तान परेशान हो गया है. इस संबंध में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत का फैसला हमें मंजूर नहीं है.

कहा कि भारत की कोशिश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद(UNSC) के संकल्पों और कश्मीरी लोगों की इच्छाओं के खिलाफ है. पाकिस्तान ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार भारत सरकार के इस फैसले का विरोध अतंरराष्ट्रीय स्तर पर करेगी. पाकिस्तान का कहना है कि भारत के इस कदम के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सहारा लेंगे.

पाकिस्तान ने लिये कई फैसले

उल्लेखनीय है कि भारत के फैसले के बाद पाकिस्तान ने इसे लेकर कई फैसले लिये हैं. जिसमें नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की बैठक में भारत से राजनयिक संबंधों का स्तर घटाने का फैसला लिया गया.

यह फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में ली गयी है. जिसके तहत पाकिस्तान अपने उच्चायुक्त को भारत से वापस बुला रहा है और साथ ही पाकिस्तान से भारतीय उच्चायुक्त को वापस भेज रहा है.

 

Related Articles

Back to top button