
New Delhi: पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम को सीबीआई ने बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया. हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद यह तय माना जा रहा था की श्री चिदंबरम की गिरफ्तारी हो जाएगी.
पी चिदंबरम को गिरफ्तार करने गई सीबीआई को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध भी झेलना पड़ा.
सीबीआई उनकी तलाश में कल से 3 बार उनके घर जा चुकी है. इस बीच कांग्रेस मुख्यालय में पी चिदंबरम ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर खुद को निर्दोष बताया और वहां से अपने घर निकल गए. जिसके बाद सीबीआई की टीम भी उनके घर पहुंची. दरवाजा न खुलने पर टीम ने दीवार फांदकर अंदर एंट्री ली.
सीबीआई की टीम के साथ ईड और दिल्ली पुलिस की टीम भी थी.
इससे पहले 27 घंटे तक लापता रहने के बाद पी. चिदंबरम रात को करीब 8 बजे अचानक कई नेताओं के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे. पार्टी दफ्तर में 10 मिनट तक उन्होंने लिखा हुआ भाषण पढ़ते हुए खुद को बेगुनाह बताया और तुरंत अपने घर के लिए रवाना हो गए. चिदंबरम जिस वक्त अपना बयान पढ़ रहे थे, उस दौरान अहमद पटेल, कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद, केसी वेणुगोपाल और अभिषेक मनु सिंघवी समेत कई दिग्गज नेता मंच पर उनके साथ बैठे थे.
चिदंबरम के कांग्रेस दफ्तर पहुंचने की खबर पर सीबीआई टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक चिदंबरम वहां से रवाना हो चुके थे। इसके बाद सीबीआई भी पीछा करते हुए उनके घर तक पहुंची. सीबीआई ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन गेट न खुलने पर दीवार फांदकर ही सीबीआई के अफसर घर के अंदर घुस गए.



