
Ranchi: राज्य सरकार की तरफ से राज्य के किसानों की कर्ज माफी की दिशा में प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है. कृषि, पशुपालन विभाग की मानें तो कर्ज माफी के लिए अब तक 9 लाख 7 हजार किसानों को चिन्हित किया गया है. ये ऐसे किसान हैं जिन्होंने कर्ज ले रखा है. ऐसे किसानों का 50 हजार रुपये तक कर्ज माफ किया जा रहा है. फिलहाल इनमें से 44.4 फीसदी कृषकों को इसका लाभ दिया जा चुका है. इसके एवज में सरकार ने बैंकों को 1026.33 करोड़ का भुगतान कर दिया है.
इसे भी पढ़ें – स्पेशल ट्रेन के नाम पर अधिक किराया वसूलने का सांसद गीता कोड़ा ने किया विरोध, रेलमंत्री को लिखा पत्र
50 फीसदी किसानों का डाटा हुआ अपलोड
विधानसभा के मॉनसून सत्र में विधायक लंबोदर महतो ने किसानों की कर्ज माफी और उसकी स्थिति के संबंध में सूचना मांगी थी. इस पर कृषि विभाग ने बताया है कि नौ लाख सात हजार किसानों की पहचान योग्य कृषि लोन धारक के तौर पर की गयी है. इनमें से पचास फीसदी से अधिक किसानों यानि 574390 का डाटा बैंकों द्वारा अपलोड किया गया है. इनमें से 2,55,130 किसानों का कृषि ऋण माफ कर दिया गया है. बैंकों द्वारा योग्य किसानों का डाटा लगातार अपडेट किया जा रहा है. जैसे-जैसे बाकी किसानों का डाटा अपलोड होता जायेगा, ऋण माफी की कार्रवाई जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें – बिजली बिल बकाया है तो हो जाएं सावधान, रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा व सिमडेगा सहित 6 डिविजनों में कल से वसूली अभियान
घोषणा पत्र में था कर्ज माफी का वादा
गौरतलब है कि यूपीए ने 2019 विधानसभा चुनाव के दौरान घोषणा की थी कि सत्ता में आने पर वे किसानों को कर्ज माफी का लाभ देंगे. चुनाव जीतने के बाद से इसके लिये लगातार आवाज उठ रही थी. विपक्षी राजनीतिक दल भाजपा, आजसू पार्टी सहित अन्य संगठन सरकार की नीयत पर सवाल उठा रहे थे कि वह किसानों को कर्ज माफी के नाम पर ठग रही है. इसके बाद सरकार ने किसानों के लिये कर्ज माफी की प्रक्रिया शुरू की.
इसे भी पढ़ें – रूपा तिर्की मौत मामलाः साहेबगंज में सीबीआई जांच जारी, खोला जायेगा रूपा का कमरा




