
Koderma: जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के तत्वावधान में मध्यस्थता पर आधारित त्रैमासिक विशेष अभियान मन का मिलन कार्यक्रम का आयोजन आगामी 1 जुलाई से 30 सितम्बर तक किया जायेगा. यह विशेष मध्यस्थता अभियान कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार विरेन्द्र कुमार तिवारी के मार्ग दर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अभिषेक प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है. प्राधिकार के सचिव अभिषेक प्रसाद ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत पूरे जिले में मध्यस्थता से सम्बंधित विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया जायेगा. आम लोगो को मध्यस्थता के माध्यम से वादों को निष्पादित किये जाने के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया जायेगा ताकि मध्यस्थता में माध्यम से अधिक से अधिक वादों का निष्पादन किया जा सके. श्री प्रसाद ने बताया कि मन का मिलन कार्यक्रम मध्यस्थता के माध्यम से वादों के निष्पादन की एक अनूठी पहल है जो आम जनमानस के लिए काफी लाभकारी व कल्याणकारी साबित होगा. अभियान को लेकर बुधवार को कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में कोडरमा के मध्यस्थों की एक बैठक उनके प्रकोष्ठ में आयोजित की गई. बैठक में इस विशेष मध्यस्थता अभियान को सफल बनाने को लेकर महत्वपूर्ण विचार विमर्श किया गया. मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अभिषेक प्रसाद, न्यायाधीश प्रभारी प्रशांत कुमार वर्मा, मध्यस्थ जगदीश सलूजा, निरंजन प्रसाद, भुनेश्वर राणा, सुरेश कुमार, संजय कुमार सिंह, कामख्या नारायण सिंह, लखन प्रसाद सिंह, सुधीर कुमार सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद थे.




