
Giridih : पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार हो रही बढ़ोतरी, किसानों की बदहाली जैसे मुद्दे पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस द्वारा बुलाए गए भारत बंद का राज्य के लगभग सभी जिलों में खासा असर रहा है. शहरी समेत ग्रामीण इलाकों की भी अधिकांश दुकानें बंद रहीं. एक ओर गिरिडीह बस स्टैण्ड से सवारी गाड़ियों का परिचालन ठप रहा. बस स्टैण्ड में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा. वहीं दुमका, धनबाद समेत सभी जिलों के बस पड़ावों की स्थिति वैसी ही थी. लम्बी दूरी की गाड़ियों के साथ-साथ कम दूरी वाले वाहनों का भी परिचालन रहा.
सड़कों पर उतर कर किया बंद का समर्थन
विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता सुबह से ही विभिन्न चौक-चौराहों और सड़कों पर उतर कर बंद को सफल बनाने में लगे रहे. शहर के टावर चौक पर कांग्रेस, झामुमो, झाविमो, माले, राजद समेत कई दलों के नेता और कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बाद में कांग्रेस के सरफराज अहमद, नरेश वर्मा, झामुमो के सुदिव्य सोनू, संजय सिंह, प्रमिला मेहरा, दिनेश यादव, झाविमो के लक्ष्मण स्वर्णकार, महेश राम, भाकपा माले के राजेश यादव, राजेश सिन्हा समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां बंद कराने के दौरान की गई.
भाजपा के खिलाफ जनता में आक्रोश
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ सरफराज अहमद ने कहा कि भाजपा के राज में हर चीज महंगी हो गई है. आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है. कांग्रेस जनता के हित में हमेशा सरकार की जनविरोधी नीतियों का डटकर विरोध करेगी. झामुमो के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने आज के बंद को सफल बताते हुए कहा कि 2019 के चुनाव में भाजपा की सरकार को सभी विपक्षी दल मिलकर उखाड़ फेकेंगे. झाविमो के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण स्वर्णकार ने कहा कि महंगे तेल और रसोई गैस से जनता परेशान है.
झामुमो और माले ने दिखाई सक्रियता
भारत बंद के दौरान झामुमो और भाकपा माले के नेता और कार्यकर्ता सब से अधिक सक्रिय नजर आए. इन दोनों दलों के कार्यकर्ता पूरे शहर में घूम घूम कर दुकानें बंद करवाते और प्रदर्शन करते नजर आए. जिले के ग्रामीण इलाकों में भी दोनों दल की भागीदारी सबसे अधिक देखी गई. झामुमो के प्रदर्शन का पूरा कमान दल के महासचिव सुदिव्य सोनू और भाकपा माले कार्यकर्ताओं का नेतृत्व राज्य कमिटी सदस्य राजेश यादव कर रहे थे.

सड़कों पर उतर कर किया बंद का समर्थन
भाजपा के खिलाफ जनता में आक्रोश
झामुमो और माले ने दिखाई सक्रियता


