
Ranchi: चंदनकियारी (बोकारो) के अग्निवीर अर्जुन महतो 22 नवंबर की रात असम के सिल्चर में मुठभेड के दौरान शहीद हो गये थे. इसके बाद राज्य सरकार ने उनके आश्रितों को विशेष अनुग्रह अनुदान तथा अनुकम्पा के आधार पर नौकरी प्रदान करने का फैसला लिया है. कार्यवाहक सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखण्ड ने इस संबंध में बोकारो डीसी को लेटर लिखकर जानकारी भी दी है. इसमें कहा गया है कि मिलिट्री ऑपरेशन के दौरान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते अर्जुन असम में वीरगति को प्राप्त हुए थे.
राज्य सरकार की ओर से उनके आश्रित को 10 लाख रुपए विशेष अनुदान के तौर पर दिए जाने हैं और इस स्थिति के लिए अनुकम्पा के आधार पर नौकरी देने का भी प्रावधान है. शहीद अग्निवीर के आश्रित को सीएम हेमंत के हाथों दस लाख रुपए का चेक और नियुक्ति पत्र का लेटर 28 नवंबर को दिया जाना है. गृह विभाग ने बोकारो डीसी से जरूरी व्यवस्था और अन्य निर्देशों को पूरा करने को कहा है.




