
Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को देश को नयी सौगात देंगे. इसमें 11 नयी वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ किया जायेगा. इसके लिये रेलवे की ओर से जमशेदपुर में तैयारी शुरू कर दी गयी है. इस मौके पर टाटानगर रेलवे स्टेशन से टाटा पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इसके साथ ही अन्य जगहों से 10 वंदे भारत ट्रेन का परिचालन भी शुरू होगा. टाटानगर स्टेशन में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री स्टेशन परिसर से सरकारी योजनाओं की सौगात देशवासियों को देंगे. इसी दिन प्रधानमंत्री बिष्टुपुर गोपाल मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
धनबाद से जम्मू कश्मीर के लिये ट्रेन
हावड़ा से गया के बीच वंदे भारत के साथ ही अब धनबाद से जम्मू कश्मीर की सीधी ट्रेन चलने वाली है. धनबाद चंद्रपुरा रेल मार्ग से धनबाद से उधमपुर के बीच गरीब रथ चलेगी. नयी ट्रेन के लिए रांची नई दिल्ली गरीब रथ के रैक का उपयोग होगा. इस संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे ने जानकारी दी है.
इस ट्रेन को धनबाद, कतरास, चंद्रपुरा, बरकाकाना व गढ़वा रोड के रास्ते उधमपुर तक चलाया जाएगा. रेलवे ने गरीब रथ को वाया दिल्ली चलाने की योजना बनाई है. इससे धनबाद से दिल्ली की लगभग 25 वर्ष पुरानी मांग भी पूरी हो जाएगी. उधमपुर तक सीधी ट्रेन चलने से धनबाद से वैष्णोदेवी तक पहुंचने की राह और आसान हो जाएगी.




