
NewDelhi : गृह मंत्रालय ने निर्भया रेप केस मामले में दोषी द्वारा दायर दया याचिका राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के पास भेज दी है. साथ ही गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति से याचिका खारिज करने की भी गुजारिश भी की है. मंत्रालय द्वारा अपनी सिफारिश राष्ट्रपति को भेजना प्रक्रिया का हिस्सा है.
खबर है कि राष्ट्रपति दया याचिका खारिज करेंगे तो मुजरिम को फांसी पर लटकाने का रास्ता साफ हो जायेगा. जानकारी के अनुसार याचिका यदि खारिज कर दी जायेगी तो फिर संबंधित कोर्ट इन चारों को फांसी पर लटकाये जाने के लिए डेट वॉरंट जारी करेगा. सूत्रों के अनुसार दया याचिका के निपटारे में गैर जरूरी देरी के आधार पर मुजरिम चाहे तो दोबारा सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल कर सकता है.
इसे भी पढ़ें : #HyderabadEncounter : पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, क्यों और कैसे हुआ एनकाउंटर
पॉक्सो ऐक्ट के तहत दया याचिका का विकल्प खत्म होना चाहिए : राष्ट्रपति
हालांकि देश भर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने माउंट आबू में कहा है कि पॉक्सो ऐक्ट के तहत ऐसे अपराधियों के लिए दया याचिका का विकल्प खत्म होना चाहिए. राजस्थान के माउंट आबू में ब्रह्मकुमारीज संस्था के कार्यक्रम में उन्होंने कहा, पॉक्सो ऐक्ट में माफी का प्रावधान खत्म होना चाहिए.
इसे भी पढ़ें : #HyderabadEncounter : सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने एनकाउंटर को फर्जी करार दिया
16 दिसंबर को फांसी पर लटकाने की अटकलें
निर्भया गैंगरेप की वारदात के चारों दोषियों को आगामी 16 दिसंबर को फांसी पर लटकाने की अटकलें चल रही हैं. तिहाड़ जेल प्रशासन का कहना है कि चारों कैदियों को आगामी 16 दिसंबर को फांसी पर लटकाया जायेगा या नहीं. इस बारे में फिलहाल वह कुछ नहीं कह सकते.
लेकिन इतना तय है कि जैसे ही इनकी दया याचिका राष्ट्रपति से खारिज की जायेगी. वैसे ही जेल प्रशासन इन्हें फांसी पर लटकाने के लिए तैयारियां शुरू कर देगा. सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश में कहा गया था कि राष्ट्रपति के पास से फांसी की दया याचिका खारिज होने के बाद भी दोषियों को 14 दिन का वक्त दिया जाना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट के उन आदेशों की जेल प्रशासन स्टडी कर रहा है.
निर्भया गैंगरेप मामले में तिहाड़ जेल में बंद चारों दोषियों मुकेश, विनय शर्मा, अक्षय कुमार सिंह और पवन गुप्ता में से केवल विनय ने ही राष्ट्रपति के नाम दया याचिका लिखी है. हालांकि, राष्ट्रपति का अंतिम फैसला चारों पर लागू होगा. मामले के एक दोषी रामसिंह ने जेल में फांसी लगा ली थी. एक को नाबालिग होने का फायदा मिल गया था. निर्भया से 16 दिसंबर 2012 को सामूहिक दुष्कर्म हुआ था. बुरी तरह जख्मी युवती की बाद में मौत हो गयी थी.
इसे भी पढ़ें : #HyderabadEncounter : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एनकाउंटर का संज्ञान लिया, जांच होगी




