
Palamu : नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह के आयोजन में वित्तीय अनियमितता और परीक्षा परिणाम में त्रुटि के खिलाफ सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय का घेराव किया. मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, प्रतिकुलपति, डीएसडब्लू एवं परीक्षा नियंत्रक का पुतला फूंका. विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के गेट को बंद कराकर घंटो धरना प्रदर्शन किया. बता दें कि 14 अक्टूबर को दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ था.
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य विनीत पांडे ने कहा कि तीन दिन पहले नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ है. इसके आयोजन में 69 लाख रूपए खर्च किए गए, जिस अनुपात मंे पैसे खर्च किए गए, उसके हिसाब से आयोजन नहीं हुआ. इससे भारी वित्तीय अनियमितता की संभावना है. कलर्क कर्मचारी ने मिलकर दोहन किया है. चूकि आयोजन में खर्च हुए रूपए छात्रों के थे. ऐसे में हमें यह जानने का अधिकार है कि 69 लाख रूपए किस तरह खर्च किए गए. उन्हांेने कहा कि अगर खर्च का हिसाब नहीं दिया गया तो विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के चेहरे पर कालीख पोतकर खदेड़ दिया जायेगा.
विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता ने कहा कि पीजी फाइनल ईयर 2020-22 के 60 प्रतिशत विद्यार्थियों को फेल कर दिया गया है. पुर्नमुल्यांकन की मांग की गयी थी. सात दिन पहले आश्वस्त किया गया था कि ऐसा किया जायेगा, लेकिन अभी तक नहीं हो पाया है. विद्यार्थी परिषद के प्रदर्शन और हंगामे के कारण विश्वविद्यालय में काफी देर तक पदाधिकारी कैद रहे, जो पदाधिकारी अंदर थे. वे अंदर ही रह गए, जबकि जो बाहर थे, वे प्रशासनिक भवन में नहीं जा पाए. प्रदर्शन में सैकड़ों छात्र-छात्राएं बैनर के साथ शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: रांची : गैरमजरूआ जमीन पर बन रही शराब फैक्ट्री का विरोध, सीओ के खिलाफ नारेबाजी




