
Rana Pratap Singh
Ranchi: नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय द्वारा एकल पीठ के आदेश के खिलाफ दायर अपील में विश्वविद्यालय को हाई कोर्ट से बड़ी जीत मिली है. हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने फैसला सुनाते हुए हाई कोर्ट की एकल पीठ के आदेश को रद्द कर दिया. एकल पीठ ने एसजेएसएन कॉलेज, गढ़वा के लेक्चरर ब्रिज कुमार मिश्र को 5 दिसंबर 1987 से नियमित करने का आदेश सुनाया था. हाई कोर्ट की खंडपीठ ने नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के अपील (एलपीए) को स्वीकृत कर लिया. एकल पीठ के आदेश को चुनौती देते हुए नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय ने हाई कोर्ट की खंडपीठ में एलपीए दाखिल की थी.
दरअसल, ब्रिज कुमार मिश्र 22 फरवरी 1986 में एसजेएसएन कॉलेज, गढ़वा में हिंदी विभाग में लेक्चरर के पद पर नियुक्त हुए थे. उस समय उनके पास लेक्चरर पद की बहाली के लिए जो निर्धारित अंक था वह उनके पास नहीं था. निर्धारित अंक प्राप्त करने के बाद उनकी ओर से 5 दिसंबर 1987 की तिथि से नियमितीकरण की मांग की गई थी. लेकिन उनकी सेवा का नियमितीकरण रांची विश्वविद्यालय ने 1 जून 2003 के प्रभाव से किया था. क्योंकि उस समय एसजेएसएन कॉलेज, गढ़वा के हिंदी विभाग में लेक्चरर के 4 पद स्वीकृत पद थे और यह पांचवें व्यक्ति थे. जिस वजह से उनका नियमितीकरण नहीं हुआ था.
चार पोस्ट में से एक पद पर एक शिक्षक के सेवानिवृत्ति के बाद 1 जून 2003 से बृज कुमार मिश्रा का लेक्चरर पद पर नियमितीकरण हुआ था. प्रार्थी का कहना था कि वर्ष 1987 में लेक्चरर पद के लिए उन्होंने न्यूनतम योग्यता प्राप्त कर ली थी इसलिए इस समय से ही उन्हें नियमित किया जाना चाहिए. बता दें कि हाई कोर्ट की एकल पीठ ने ब्रिज कुमार मिश्रा की दलील को मानते हुए उन्हें 5 दिसंबर 1987 के प्रभाव से ही उनका लेक्चरर पद पर नियमितीकरण करने का आदेश दिया था. कहा गया था कि क्योंकि उस समय बृज कुमार मिश्रा ने योग्यता प्राप्त कर ली थी इसलिए वर्ष 1987 से उन्हें नियमित किया जाना चाहिए. वही नीलांबर पीतांबर यूनिवर्सिटी का तर्क था कि चूंकि वर्ष 1987 में हिंदी विभाग में चार ही पद थे और यह पांचवें नंबर पर थे इसलिए 1 जून 2003 से उन्हें नियमित करना उचित है.




