
Palamu: देश भर में एक सितंबर से ‘संशोधित मोटर वाहन एक्ट’ लागू होने के कारण पलामू के मेदिनीनगर शहरी क्षेत्र सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेट्रोल-डीजल के बिक्री में कमी आयी है.
यातायात नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने की रकम कई गुना बढ़ जाने के डर से लोग वाहन लेकर कम निकल रहे हैं. शहरी क्षेत्र में खासकर वैसे लोगों पर मुसीबत का पहाड़ टूट रहा है, जिन लोगों के वाहनों के कागजात अपडेट नहीं हैं.
इसे भी पढ़ेंःधनबादः बगैर हेलमेट बाइक चलाना युवक को पड़ा महंगा, सड़क दुर्घटना में मौत
इसका असर मेदिनीनगर में पेट्रोल और डीजल पंप पर देखने को मिल रहा है. बिक्री में लगभग 20 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गयी है. कुछ पेट्रोल पंपों में तो बिक्री 50 प्रतिशत तक कम हो गयी है.
मालूम हो जिस चौक पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान ज्यादा चलाया जा रहा है, वहां के नजदीकी पंपों में बिक्री पर ज्यादा असर पड़ा है.
यहीं नहीं, वाहनों में पंचर दुकानों में हवा लेने के लिए भी भीड़ कम हो गयी है. पेट्रोल पंपों पर स्थित पॉल्यूशन सेंटरों में भीड़ अधिक होने के कारण लोग संबंधित पेट्रोल पंप पर जाने से कतरा रहे हैं.
व्यवसायी कर रहे कानून का समर्थन, लेकिन बढ़ा जुर्माना जायज नहीं
रतन लाल पेट्रोल पंप के एक कर्मी ने बताया कि जुर्माने के डर का असर यह है कि पहले हर दिन औसतन 1200 से 1500 लीटर पेट्रोल की बिक्री होती थी. आज बिक्री घट कर प्रति दिन 800-1000 लीटर हो गयी है.
इसे भी पढ़ेंःचुनाव से पहले हेमंत का आदिवासी कार्डः बीजेपी में आदिवासी नेताओं की अनदेखी का लगाया आरोप
उन्होंने बताया कि यह कानून लागू होने की वजह से तो पेट्रोल की बिक्री में कमी आयी है, लेकिन उससे ज्यादा असर छह मुहान से कचहरी चौक तक बेरिकेटिंग लग जाने से भी बिक्री में कमी आयी है. उन्होंने कहा कि वे कानून का समर्थन करते हैं, लेकिन जुर्माना राशि को 10 गुना बढ़ाया जाना जायज नहीं है.
सेल पर पड़ा असर: एसओ पंप संचालक
एसओ पेट्रोल पंप के संचालक ने बताया कि सरकार द्वारा बनाई गई संशोधित मोटर वाहन एक्ट का समर्थन करते हैं. बनाये गये इस कानून का सम्मान हर नागरिक को करना चाहिये. उन्होंने बताया कि दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने वाले ड्राइवर को ड्राईविंग लाईसेंस साथ रखना चाहिए.
मोटरसाईकिल चालकों को हेलमेट का प्रयोग हमेशा करना चाहिए. उन्होंने कहा कि पिछले माह से इस माह में पेट्रोल-डीजल की बिक्री में लगभग 15 से 20 प्रतिशत की गिरावट आई है. उन्होंने कहा कि जब सेल कम होता है तो सभी लोगों को कष्ट होता है.
इसे भी पढ़ेंःझारखंड के डीसी IAS Code of Conduct के खिलाफ जाकर चला रहे हैं #jharkhandwithmodi कैंपेन




