
Ranchi: छठवीं विधान सभा का विशेष सत्र सोमवार से शुरू हुआ. यह 12 दिसम्बर तक चलना है. इस सत्र के पहले दिन सीएम हेमंत सोरेन सहित सभी मंत्रियों ने प्रोटेम स्पीकर के सामने शपथ ली. मंत्रियों के बाद नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ग्रहण किया. हिंदी के अलावा बांग्ला, उर्दू, कुडमाली जैसी भाषाओं में शपथ ली. 81 में से 80 विधायकों ने शपथ ली. इस बार नवनिर्वाचित विधायकों में तीन दर्जन से अधिक नये चेहरे दिखे. इनमें पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह (भाजपा), जयराम महतो (जेकेएलएम), तिवारी महतो (आजसू पार्टी) सहित अन्य प्रमुख थे. विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद सदन को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया. अब मंगलवार को ही नये स्पीकर के लिए चुनाव होगा. पूरी संभावना जताई जा रही कि फिर से झामुमो के विधायक रबींद्रनाथ महतो ही स्पीकर निर्विरोध चुने जाएं. इसके अगले दिन 11 दिसम्बर को राज्यपाल का अभिभाषण होगा. इससे पहले सोमवार को विधानसभा सत्र के प्रथम सत्र शुरू होने से पहले झारखण्ड विधान सभा में प्रोटेम स्पीकर प्रो स्टीफन मरांडी का सीएम हेमंत सोरेन ने अभिवादन किया.

जयराम ने दिखाया अलग अंदाज
विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले नवनिर्वाचित विधायक जयराम महतो पर सबकी खास नजर रही. विधानसभा के मेन गेट पर पहले तो उन्होंने विधानसभा के सामने हाथ जोड़कर उसके प्रति सम्मान दिखाया. सीने पर एक हाथ रखते कुडमाली में मुंहजबानी शपथ ग्रहण किया. इसके बाद सीएम हेमंत सोरेन और प्रोटेम स्पीकर के पैर भी छूए. सदन के बाहर मीडिया से कहा कि वे लोकहित में खतियान, स्थानीय नीति के लिए आवाज उठाते रहेंगे.

जयराम ने डुमरी से झारखण्ड विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया. कहा कि ये क्षण मेरे राजनीति जीवन की नए अध्याय का शुभारंभ है. वे गौरवान्वित हैं कि जिस भाषा आंदोलन के साथ उन्होंने राज्य स्तर पर आंदोलनकारी जीवन की शुरुआत की, आज अपनी मातृभाषा में विधायक के रूप में शपथ लिया| उन्होंने झारखण्ड की तमाम जनता विशेषकर डुमरी विधानसभा की पूरी जनता का हृदय से आभार जताया. वादा करते कहा कि कोई भी समय हो, कैसी भी परिस्थिति हो, हर हाल में वे लोगों के साथ खड़े रहेंगे.

यह भी रहा खास
शपथ ग्रहण के बाद गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने अपने पति और सीएम हेमंत सोरेन से आशीष भी लिया. कांग्रेसी विधायकों ने हाथ में संविधान की प्रति लेकर शपथ ग्रहण किया. पूर्व सीएम और झामुमो लीडर रहे चंपाई सोरेन इस बार भाजपा के विधायक के तौर पर दिखे. वे लगातार सातवीं बार विधायक बने हैं. इस बार वे सदन में भाजपा विधायक और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी के बगल में बैठे दिखे.

रामगढ विधायक ममता देवी ने भी विधानसभा के अंदर प्रवेश से पहले इसके प्रति सम्मान जताया. कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में प्रवेश से पूर्व मत्था टेक, प्रणाम कर विधानसभा के अंदर प्रवेश किया. दूसरी बार पुनः एक नई पारी और जिम्मेदारी की शुरुआत की है.




