
New Delhi: देश में कोरोना संक्रमण की तेज गति थम नहीं रही है. रोजाना मिलने वाले संक्रमितों की संख्या में तेज वृद्धि जारी है.रविवार को 24 घंटे में कोरोना के 1,79,723 नए मामले सामने आए हैं. इस दौरान 46,569 मरीज स्वस्थ हुए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार रविवार को 146 लोगों की मौत हो गई है. खासकर महाराष्ट्र, दिल्ली व बंगाल से बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आ रहे हैं.
देश में कोराना के कुल मामले 3,57,07,727 हो गए हैं. कोरोना के सक्रिय केस बढ़कर 7,23,619 हो गए हैं. अब तक 3,45,00,172 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं. इसके साथ ही अब तक 4,83,936 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं. रविवार को कोरोना के मामलों में शनिवार के मुकाबले बड़ा इजाफा देखा गया. शनिवार के मुकाबले रविवार को 12.6 फीसद केस बढ़े हैं. शनिवार को कुल 1,59,632 नए मामले सामने आए थे.
महाराष्ट्र में रोजाना मिलने वाले संक्रमितों की संख्या वृद्धि का क्रम जारी है. राज्य में रविवार को 44,388 नए मामले सामने आए हैं. इसी तरह राजधानी दिल्ली 22,751 नए मामले सामने आए हैं. पश्चिम बंगाल में 24,287 संक्रमित सामने आए हैं. इसके साथ ही तमिलनाडु, कर्नाटक, राजस्थान में भी बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं.




